ट्रंप-मेलोनी विवाद पड़ा ठंडा? अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी के बाद इटली की प्रधानमंत्री ने तोड़ी चुप्पी
ईरान मुद्दे पर मतभेदों के बावजूद इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने डोनाल्ड ट्रंप से रिश्तों को सौहार्दपूर्ण बताया। दोनों देशों के संबंधों को स्थिर रखने पर जोर दिया।
ईरान को लेकर हालिया मतभेदों के बीच इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने संबंधों को "सौहार्दपूर्ण" बताया है। तुर्की में आयोजित नाटो शिखर सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में मेलोनी ने कहा कि दोनों नेताओं के बीच हाल के सार्वजनिक मतभेदों के बावजूद द्विपक्षीय संबंध मजबूत और स्थिर बने हुए हैं।
मेलोनी का यह बयान ऐसे समय आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने उन्हें "अच्छी इंसान" बताते हुए ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का समर्थन नहीं करने के उनके फैसले की आलोचना की थी। इससे पहले अंकारा में तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने स्वीकार किया कि दोनों नेताओं के रिश्तों में कुछ समय के लिए तनाव आया था। हालांकि उन्होंने कहा कि मेलोनी अच्छी इंसान हैं, लेकिन ईरान मामले में उन्होंने गलती की।
दोनों नेताओं के बीच तनाव तब और बढ़ गया था जब ट्रंप ने दावा किया कि फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ तस्वीर खिंचवाने की "मिन्नत" की थी। मेलोनी ने इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया था। इसके बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव बढ़ गया और इटली के विदेश मंत्री ने अपनी प्रस्तावित अमेरिका यात्रा भी रद्द कर दी।
और पढ़ें: तुर्की को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव का समर्थन कर सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप, सूत्रों का दावा
विवाद तब और गहरा गया जब ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मेलोनी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए "RESTRAINING ORDER NEEDED" लिखा। इस पोस्ट के बाद दोनों नेताओं के संबंधों को लेकर कई तरह की अटकलें लगने लगीं।
हालांकि मेलोनी ने दोहराया कि रोम और वॉशिंगटन के रिश्ते किसी एक नेता पर नहीं, बल्कि दीर्घकालिक रणनीतिक हितों पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि विदेश नीति व्यक्तिगत संबंधों से कहीं अधिक व्यापक और जटिल होती है।
और पढ़ें: भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अंतिम चरण में, सिर्फ 1 से 2% काम बाकी: अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर