ट्रंप की ईरान के पिकैक्स माउंटेन पर जल्द हमले की धमकी, जानिए अमेरिका क्यों बना रहा निशाना
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के भूमिगत पिकैक्स माउंटेन परिसर पर जल्द हमले की चेतावनी दी है। अमेरिका को आशंका है कि वहां परमाणु गतिविधियां चल सकती हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के अत्यधिक सुरक्षित भूमिगत परमाणु परिसर ‘पिकैक्स माउंटेन’ पर जल्द सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि यदि वहां परमाणु गतिविधियां जारी मिलीं तो अमेरिकी सेना इस ठिकाने को निशाना बना सकती है। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका मध्य पूर्व में किसी भी देश को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं देगा।
व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि पिछले पांच महीनों में अमेरिका ने यह सुनिश्चित किया है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल न कर सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पिकैक्स माउंटेन में कोई संदिग्ध गतिविधि होती है तो अमेरिका वहां कड़ा हमला कर सकता है।
पिकैक्स माउंटेन ईरान की राजधानी तेहरान से करीब 225 किलोमीटर दक्षिण में स्थित नतांज परमाणु परिसर के पास है। नतांज को ईरान के परमाणु कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र माना जाता है। आधिकारिक तौर पर इसे शहीद अहमदी रोशन परमाणु सुविधाओं के नाम से जाना जाता है।
और पढ़ें: आर्थिक, सैन्य और गुप्त कदमों का विकल्प, ईरान से निपटने के लिए ट्रंप के पास कई रास्ते: जेडी वेंस
जून 2025 में हुए 12 दिवसीय युद्ध के दौरान इजरायल ने नतांज पर हमला किया था, जिससे परिसर को भारी नुकसान पहुंचा। इसके बाद अमेरिका ने भी बी-2 स्पिरिट बमवर्षकों के जरिए यहां हमला किया और भारी बंकर-बस्टर बम गिराए। इजरायल की ओर से बाद में भी तोड़फोड़ की कार्रवाई जारी रही।
लगातार हमलों के बाद ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम के कुछ हिस्सों को पिकैक्स माउंटेन की ओर स्थानांतरित करना शुरू किया। करीब 2.7 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में बनाए जा रहे इस परिसर की सुरक्षा बेहद कड़ी बताई जाती है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह परिसर जमीन से लगभग 80 से 100 मीटर नीचे बनाया जा रहा है। यहां विमान भेदी प्रणालियां, सुरक्षा घेरे और ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की सुरक्षा मौजूद है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस सुविधा का इस्तेमाल यूरेनियम संवर्धन और सेंट्रीफ्यूज निर्माण के लिए किया जा सकता है। इसी आशंका के चलते अमेरिका इसे संभावित लक्ष्य मान रहा है।
और पढ़ें: ट्रंप ईरान युद्ध को खत्म घोषित करने पर कर रहे विचार, पेंटागन ने सैनिकों की तैनाती बढ़ाई: रिपोर्ट