×
 

लाल सागर में हूती हमलों के बाद ट्रंप की चेतावनी, बोले- ईरान को ठहराएंगे जिम्मेदार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लाल सागर में हूती हमलों के बाद ईरान को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में जहाजों पर हमलों के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यमन के हूती विद्रोहियों द्वारा लाल सागर में दो सऊदी अरब के तेल टैंकरों को निशाना बनाए जाने के बाद ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा कि अगर भविष्य में हूती समूह द्वारा किसी भी जहाज पर हमला किया जाता है, तो अमेरिका इसके लिए केवल हूतियों को नहीं बल्कि ईरान को भी जिम्मेदार ठहराएगा।

ट्रंप ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के माध्यम से यह चेतावनी दी। उन्होंने हूती संगठन को ईरान का "प्रतिनिधि या प्रॉक्सी" बताते हुए कहा कि किसी भी नए हमले की स्थिति में ईरान को गंभीर सैन्य परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि करीब एक साल पहले अमेरिका ने लाल सागर के पास व्यापारिक जहाजों पर हमलों और वैश्विक वाणिज्य को प्रभावित करने के कारण हूतियों के खिलाफ शक्तिशाली कार्रवाई की थी। उन्होंने कहा कि ईरान के साथ संघर्ष के दौरान हूती समूह ने कुछ समय तक जिम्मेदार व्यवहार किया, लेकिन अब उसने फिर से हमले शुरू कर दिए हैं।

और पढ़ें: सऊदी अरब के साथ ट्रंप की ऐतिहासिक परमाणु डील, क्या अब परमाणु बम बना सकेगा रियाद?

ट्रंप ने कहा कि हूतियों ने रात के समय दो सऊदी जहाजों पर हमला किया है। उन्होंने संगठन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हालिया हमलों से पहले तक हूती समूह ने "पेशेवर और समझदारी भरा" व्यवहार किया था।

हूतियों ने दो तेल टैंकरों एन्सेलिया और लैला पर हमले की जिम्मेदारी ली है। हालांकि, सऊदी अधिकारियों ने अभी तक केवल एक जहाज को नुकसान पहुंचने की पुष्टि की है।

वैश्विक बाजारों पर असर

इन हमलों के बाद वैश्विक तेल बाजारों में हलचल देखने को मिली है। हमलों की खबर के बाद ब्रेंट क्रूड तेल की कीमत 98 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई। लाल सागर क्षेत्र पहले से ही तनावपूर्ण बना हुआ है, क्योंकि यह वैश्विक ऊर्जा व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।

हूतियों की बढ़ती गतिविधियां ऐसे समय में सामने आई हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव पहले से ही चरम पर है। लाल सागर में किसी भी नए सैन्य घटनाक्रम से अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

और पढ़ें: ईरान पर अमेरिका का लगातार 10वीं रात हमला, सैनिकों की मौत पर ट्रंप की चेतावनी—हर हमले का कई गुना जवाब मिलेगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share