कोकीन के नशे में लंदन की सड़क पर बेहोश मिलीं यूएई की शाही परिवार से जुड़ी महिला, पास में अकेली थी मासूम बच्ची
लंदन में यूएई के शाही परिवार से जुड़ी माहरा अल नहयान कोकीन सेवन के बाद बेहोश मिलीं। पास में अकेली बच्ची की उपेक्षा मामले में उन्हें सजा सुनाई गई।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शाही परिवार से शादी के जरिए जुड़ी 32 वर्षीय माहरा अल नहयान लंदन की एक सड़क पर बेहोश मिलीं। उस समय उनके साथ मौजूद छोटी बच्ची सड़क के पास अकेली थी। मामले में उन्होंने बच्चे की उपेक्षा करने का अपराध स्वीकार किया है। अदालत ने उन्हें दो साल के सामुदायिक सुधार आदेश और 6,114 पाउंड के जुर्माने की सजा सुनाई।
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 13 जून को पश्चिमी लंदन में हुई थी। माहरा अल नहयान रेलिंग के सहारे बेहोशी की हालत में मिली थीं। उनके पास एक पुरुष भी बेहोश पड़ा था, जबकि नंगे पैर बच्ची सड़क पर चल रहे वाहनों के नजदीक खेल रही थी।
राहगीरों ने बचाई बच्ची की जान
साउथवार्क क्राउन कोर्ट को बताया गया कि राहगीरों ने बच्ची को अकेला देखकर उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने पुलिस के पहुंचने तक बच्ची की देखभाल की। अभियोजन पक्ष के वकील रियो पहलवानपुर ने कहा कि बच्ची सड़क के पास एक स्कूटर के नजदीक थी, जिससे उसकी सुरक्षा को खतरा हो सकता था।
पुलिस ने माहरा की तलाशी के दौरान नशीले पदार्थों के इस्तेमाल से जुड़ी सामग्री बरामद की, हालांकि कोई अवैध नशीला पदार्थ नहीं मिला। अदालत में बताया गया कि घटना से पहले के दिनों में उन्होंने कोकीन का सेवन किया था।
नशे की लत का इलाज करा रही हैं माहरा
बचाव पक्ष के वकील स्टीफन वुलो ने अदालत को बताया कि घटना वाले दिन माहरा ने नशा नहीं किया था, लेकिन पिछले दिनों कोकीन लेने के कारण वह बेहद थकी हुई थीं। उन्होंने अपनी गलती पर गहरा पछतावा जताया है और नशे की लत से उबरने का संकल्प लिया है।
वकील के अनुसार, माहरा सरे के वोकिंग स्थित प्रायरी क्लिनिक में उपचार करा रही हैं। वह तीन महीने का उपचार कार्यक्रम पूरा करने के बाद गिल्डफोर्ड में रहने और नियमित इलाज जारी रखने की योजना बना रही हैं। साथ ही, वह नारकोटिक्स एनॉनिमस की बैठकों में भी हिस्सा लेंगी।
अदालत ने जताई गंभीर चिंता
न्यायाधीश जस्टिस जॉनसन ने कहा कि यदि राहगीर हस्तक्षेप नहीं करते, तो बच्ची के भटकने, किसी अनजान व्यक्ति द्वारा ले जाए जाने या नुकसान पहुंचने का खतरा था। उन्होंने मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए सजा सुनाई।