×
 

मिसाइल हमले के बाद यूएई का ईरान पर बड़ा कदम, सभी व्यापारिक और वित्तीय लेनदेन रोके

मिसाइल खतरे के आरोपों के बाद संयुक्त अरब अमीरात ने ईरान के साथ व्यापार और वित्तीय लेनदेन रोक दिए हैं। ईरान ने आरोपों को खारिज करते हुए क्षेत्रीय तनाव पर चिंता जताई है।

संयुक्त अरब अमीरात ने बुधवार को क्षेत्र में बढ़ते तनाव और सुरक्षा चिंताओं के बीच ईरान के साथ सभी व्यापारिक, वाणिज्यिक और वित्तीय लेनदेन अगले आदेश तक रोकने की घोषणा की। यह फैसला तब आया जब अबू धाबी ने आरोप लगाया कि ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में समुद्री मार्गों की ओर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।

यूएई के विदेश मंत्रालय की संचार निदेशक अफरा अल हमेली ने कहा कि क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के कारण ईरान के साथ सभी व्यापार, वाणिज्यिक आदान-प्रदान और वित्तीय लेनदेन रोक दिए गए हैं। यूएई के अनुसार, उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने दो मिसाइलों का पता लगाया। इनमें से एक देश के क्षेत्रीय जल के बाहर और दूसरी समुद्र में गिरी। यूएई का कहना है कि मिसाइलें समुद्री नौवहन को निशाना बनाकर दागी गई थीं।

हालांकि, ईरान ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने यूएई के दावों को निराधार बताया और चेतावनी दी कि ऐसे आरोप क्षेत्रीय विश्वास तथा सुरक्षा प्रयासों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

और पढ़ें: मिसाइल खतरे के बीच यूएई ने नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की दी सलाह

यह घटनाक्रम रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते तनाव के बीच सामने आया है। यूएई के बंदरगाहों से निकलने वाले जहाजों के लिए यह प्रमुख समुद्री मार्ग है। ईरान पहले चेतावनी दे चुका है कि अमेरिका के साथ शांति समझौता होने तक जलडमरूमध्य बंद रहेगा।

मिसाइल खतरे के बीच यूएई के लोगों को आपातकालीन फोन अलर्ट भेजकर सुरक्षित इमारतों में शरण लेने की सलाह दी गई। बाद में चेतावनी हटा ली गई। यूएई ने हाल के हफ्तों में अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी के टैंकरों पर भी हमलों की सूचना दी है। इससे क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर नई चिंताएं बढ़ गई हैं।

और पढ़ें: ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बताया नया अमेरिकी क्षेत्र, ईरान बोला- शर्तें पूरी होने तक नहीं खुलेगा रास्ता

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share