×
 

ईरान संघर्ष में अमेरिका को भारी नुकसान, 42 सैन्य विमान और ड्रोन हुए क्षतिग्रस्त: रिपोर्ट

ईरान के साथ संघर्ष में अमेरिका को 42 सैन्य विमान और ड्रोन का नुकसान हुआ। इसमें फाइटर जेट और MQ-9 रीपर ड्रोन शामिल हैं। रिपोर्ट में लागत 29 अरब डॉलर बताई गई।

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के साथ संघर्ष के दौरान अमेरिका को कम से कम 42 सैन्य विमानों और ड्रोन का नुकसान या क्षति हुई है। यह कार्रवाई 28 फरवरी को शुरू हुए “ऑपरेशन एपिक फ्यूरी” के दौरान हुई, जिसका लक्ष्य ईरान था।

यह रिपोर्ट अमेरिकी कांग्रेस रिसर्च सर्विस (सीआरएस) द्वारा तैयार की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विभिन्न कारणों से नुकसान की संख्या में बदलाव संभव है, जिसमें वर्गीकृत जानकारी, जारी सैन्य गतिविधियां और जिम्मेदारी तय करने की जटिलताएं शामिल हैं।

रिपोर्ट में जिन विमानों और उपकरणों के नुकसान का उल्लेख किया गया है, उनमें चार एफ-15ई स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान, एक एफ-35ए लाइटनिंग II, एक ए-10 थंडरबोल्ट II और सात केसी-135 स्ट्रैटोटैंकर शामिल हैं।

और पढ़ें: कतर के पास अमेरिकी KC-135 विमान लापता, आपातकालीन सिग्नल के बाद संपर्क टूटा

इसके अलावा एक ई-3 सेंट्री एयरबोर्न वार्निंग एंड कंट्रोल विमान, दो एमसी-130जे कमांडो II विमान, एक एचएच-60डब्ल्यू जॉली ग्रीन II हेलीकॉप्टर, 24 एमक्यू-9 रीपर ड्रोन और एक एमक्यू-4सी ट्राइटन भी शामिल हैं।

यह जानकारी अमेरिकी रक्षा विभाग और अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के बयानों और रिपोर्टों के आधार पर तैयार की है। यह संस्था अमेरिकी कांग्रेस को नीति और कानूनी विश्लेषण उपलब्ध कराती है।

12 मई को हाउस अप्रॉप्रीएशंस सबकमेटी की सुनवाई के दौरान पेंटागन के कार्यवाहक नियंत्रक जूल्स डब्ल्यू हर्स्ट III ने बताया कि ईरान में सैन्य अभियानों की अनुमानित लागत बढ़कर 29 अरब डॉलर तक पहुंच गई है।

उन्होंने कहा कि इस वृद्धि का बड़ा कारण उपकरणों की मरम्मत और प्रतिस्थापन लागत का नए सिरे से आकलन है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह आंकड़ा आगे भी बदल सकता है, क्योंकि संघर्ष की स्थिति अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

और पढ़ें: ईरानी साइबर समूह का बड़ा दावा, 2000 से अधिक अमेरिकी सैन्य कर्मियों की निजी जानकारी लीक

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share