होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ा तनाव, अमेरिका ने ईरान पर फिर किए हवाई हमले
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने ईरान पर नए हवाई हमले किए। ईरान ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका ने सोमवार तड़के (स्थानीय समयानुसार) ईरान पर एक बार फिर हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि इस सैन्य अभियान का उद्देश्य ईरान की उस क्षमता को कमजोर करना है, जिसके जरिए वह होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले नागरिक नाविकों और व्यावसायिक जहाजों को निशाना बना सकता है।
अमेरिकी सेना के अनुसार, यह कार्रवाई राष्ट्रपति एवं सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के निर्देश पर की गई। सेंटकॉम ने कहा कि ईरानी सैन्य गतिविधियों के लिए उसे जवाबदेह ठहराने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह हमला किया गया।
यह कार्रवाई उस घटना के बाद हुई, जिसमें ईरान ने सप्ताहांत के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य में एक कंटेनर जहाज पर हमला किया था। इस हमले में जहाज में भीषण आग लग गई थी और चालक दल का एक सदस्य लापता हो गया था।
और पढ़ें: बैंकॉक के पब में भीषण आग, 27 लोगों की मौत; कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर
ईरान ने अमेरिकी हमलों की पुष्टि की, लेकिन दावा किया कि किसी नागरिक क्षेत्र को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी कार्रवाई के बाद दक्षिणी ईरानी शहर जास्क, बंदर अब्बास और सीरिक में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं।
इसके जवाब में ईरान ने बहरीन, कुवैत, कतर, जॉर्डन और ओमान की दिशा में हमले किए। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी व्यावसायिक जहाजों के लिए खुला है और ईरान का इस पर नियंत्रण होने का दावा सही नहीं है।
इस बीच ईरान के विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी हमलों की कड़ी निंदा करते हुए इन्हें संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन बताया। मंत्रालय ने चेतावनी दी कि यदि कोई देश अपनी भूमि या सैन्य सुविधाओं का इस्तेमाल ईरान पर हमलों के लिए होने देगा, तो उसे भी ईरान की जवाबी कार्रवाई का वैध लक्ष्य माना जा सकता है। साथ ही, ईरान ने मस्कट में हुई हालिया वार्ता को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान को पूरी तरह झूठा करार दिया।