अमेरिका में सीप्लेन हादसा: चट्टानों से टकराने के बाद विमान में लगी आग, सभी 11 लोग सुरक्षित बचाए गए
अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में सीप्लेन दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गया। त्वरित बचाव अभियान से सभी 11 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जबकि हादसे की जांच जारी है।
अमेरिका के वॉशिंगटन राज्य में कनाडा सीमा के निकट एक बड़ा विमान हादसा उस समय टल गया, जब डीएचसी-3 ऑटर (DHC-3 Otter) सीप्लेन पानी पर उतरने की कोशिश के दौरान चट्टानों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में भीषण आग लग गई, लेकिन स्थानीय नावों, अमेरिकी तटरक्षक बल और बचाव दल की त्वरित कार्रवाई से विमान में सवार सभी 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 5:20 बजे सूसिया आइलैंड स्टेट पार्क के पास हुई। विमान में एक पायलट और 10 यात्री सवार थे। सैन जुआन काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि कई यात्रियों को सिर और हड्डियों में चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि शुक्रवार तक कम से कम पांच यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी डेव ईस्टमैन ने बताया कि शुरुआत में उन्हें लगा कि विमान उनकी नाव से टकरा जाएगा, लेकिन वह अचानक द्वीप की ओर मुड़ गया और चट्टानों से टकरा गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद छह से सात नावों ने राहत अभियान शुरू कर दिया।
और पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में झंडू कुमार ने दिलाया भारत को पहला पदक, पैरा पावरलिफ्टिंग में जीता कांस्य
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इलाके में मौसम तेजी से बदला और तेज बारिश व गरज के साथ तूफान आया। हालांकि अधिकारियों ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि खराब मौसम दुर्घटना का कारण था या नहीं।
यह सीप्लेन केनमोर एयर का था और डी हैविलैंड एयरक्राफ्ट ऑफ कनाडा द्वारा निर्मित डीएचसी-3 ऑटर मॉडल का विमान था। वर्ष 2022 में इसी मॉडल का एक अन्य विमान सिएटल के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी। इस बार की दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (एनटीएसबी) ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। कंपनी ने जांच पूरी होने तक अपनी निर्धारित उड़ानें भी रद्द कर दी हैं।