अमेरिका वेनेजुएला के 65 अरब बैरल तेल भंडार पर लेगा नियंत्रण, ट्रंप ने बताया दुनिया की सबसे बड़ी तेल डील
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के साथ दुनिया की सबसे बड़ी तेल डील का दावा किया है। समझौते के तहत अमेरिका 65 अरब बैरल तेल भंडार नियंत्रित करेगा।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने वेनेजुएला के साथ दुनिया की सबसे बड़ी तेल डील की है। ट्रंप के अनुसार, इस समझौते के तहत अमेरिका वेनेजुएला के करीब 65 अरब बैरल कच्चे तेल के भंडार पर नियंत्रण हासिल करेगा। यह घटनाक्रम वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार को अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद हटाए जाने के कुछ महीनों बाद सामने आया है।
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ, वेनेजुएला की राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ मिलकर इस समझौते को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सौदा दोनों देशों के बीच पहले से मजबूत होते संबंधों को और मजबूती देगा।
ट्रंप के मुताबिक, इस ऐतिहासिक समझौते से अमेरिका के तेल भंडार दोगुने से अधिक हो जाएंगे, तेल की आपूर्ति बढ़ेगी और भविष्य में अमेरिकी नागरिकों के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी कमी आ सकती है। उन्होंने इसे “दुनिया की सबसे बड़ी तेल डील” करार दिया।
और पढ़ें: ईरान ने ट्रंप के बेटे की हत्या की साजिश की खबर को बताया झूठ
अमेरिकी ऊर्जा सूचना प्रशासन के अनुमान के अनुसार, वेनेजुएला के पास करीब 303 अरब बैरल कच्चे तेल का भंडार है, जो दुनिया के कुल तेल भंडार का लगभग 17 प्रतिशत है। हालांकि, कमजोर बुनियादी ढांचे के कारण वेनेजुएला वैश्विक तेल उत्पादन में केवल करीब एक प्रतिशत योगदान देता है।
रिपोर्ट के अनुसार, समझौते के तहत अमेरिकी निजी कंपनियों को वेनेजुएला के तेल क्षेत्रों को विकसित करने की अनुमति दी जा सकती है। इसके बदले उन्हें तेल परियोजनाओं में अमेरिकी स्वामित्व हिस्सेदारी हासिल होगी।
वेनेजुएला सरकार ने अभी इस समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। वहीं, रुबियो ने कहा कि यह समझौता अमेरिकी ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करेगा और वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में मदद करेगा। उनके अनुसार, इससे करीब 100 अरब डॉलर का निजी निवेश, हजारों अच्छी तनख्वाह वाली नौकरियां और आर्थिक पुनर्निर्माण को बढ़ावा मिल सकता है।
और पढ़ें: ईरान की नेतन्याहू को धमकी- उन्हें नर्क भेज देंगे, ट्रंप के बेटे की हत्या की साजिश से किया इनकार