वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंप से तबाही, 32 की मौत और 700 से अधिक घायल
वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंपों से भारी तबाही हुई। 32 लोगों की मौत और 700 से अधिक घायल हुए। देश में आपातकाल घोषित कर राहत कार्य जारी हैं।
वेनेजुएला में दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है, जिन्हें पिछले एक सदी से अधिक समय में सबसे गंभीर भूकंपों में से एक बताया जा रहा है। इस आपदा में अब तक कम से कम 32 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी हैं।
पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जिसे अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने दर्ज किया। इसका केंद्र कैरिबियन तट के पास मोरोन शहर के पश्चिम में लगभग 168 किलोमीटर दूर और 13 किलोमीटर की गहराई में था।
इसके कुछ ही समय बाद उसी क्षेत्र में एक और अधिक शक्तिशाली 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। यूएसजीएस के अनुसार, इसका केंद्र मोरोन के दक्षिण-पश्चिम में लगभग 16 किलोमीटर दूर और 10 किलोमीटर की गहराई पर था।
और पढ़ें: वेनेजुएला में दो भीषण भूकंपों से मची तबाही, दहशत और अफरा-तफरी के वीडियो आए सामने
भूकंपों के बाद अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीपसमूह के लिए एहतियाती सुनामी अलर्ट जारी किया।
तबाही के बाद पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। वेनेजुएला के आंतरिक मंत्री डियोसदाडो काबेलो ने बताया कि राजधानी काराकास के अल्तामिरा जिले में भारी नुकसान हुआ है, जहां कई घर और इमारतें ढह गई हैं।
राष्ट्रपति (कार्यवाहक) रॉड्रिगेज ने कहा कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि कई इलाकों में बचाव कार्य जारी है और कई लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
दुनिया भर से इस त्रासदी पर शोक संदेश आ रहे हैं और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
और पढ़ें: वेनेजुएला में भीषण भूकंपों से मची तबाही, राजधानी काराकास में इमारतें गिरीं; सुनामी अलर्ट जारी