भारत में कई व्हाट्सऐप अकाउंट 24 घंटे के लिए समीक्षा में, अचानक बंद होने से यूजर्स परेशान
भारत समेत कई देशों में व्हाट्सऐप ने अनेक अकाउंट 24 घंटे के लिए समीक्षा में रख दिए। यूजर्स ऐप इस्तेमाल नहीं कर सके, जबकि कंपनी ने इसे सुरक्षा प्रक्रिया बताया।
भारत समेत कई देशों में सोमवार शाम व्हाट्सऐप के हजारों उपयोगकर्ताओं को अचानक परेशानी का सामना करना पड़ा, जब उनके अकाउंट 24 घंटे के लिए "अंडर रिव्यू" (समीक्षा) में डाल दिए गए। इस दौरान प्रभावित यूजर्स व्हाट्सऐप की अधिकांश सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर सके। बिना किसी पूर्व सूचना के अकाउंट पर लगी इस रोक के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी नाराजगी जताई।
समस्या भारतीय समयानुसार रात करीब 8 बजे सामने आई। प्रभावित यूजर्स की स्क्रीन पर एक संदेश दिखाई दिया, जिसमें बताया गया कि उनके अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस से जुड़ी जानकारी की समीक्षा की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि व्हाट्सऐप की सेवा शर्तों (Terms of Service) का पालन किया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि सामान्य तौर पर समीक्षा का परिणाम 24 घंटे के भीतर उपलब्ध करा दिया जाएगा।
व्हाट्सऐप की मूल कंपनी मेटा के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी अपने प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार काम करती है। इसके तहत उन अकाउंट्स पर कार्रवाई की जाती है जिनके नियमों का उल्लंघन करने की आशंका होती है। प्रवक्ता ने यह भी स्वीकार किया कि कभी-कभी कंपनी से गलती हो सकती है और ऐसी स्थिति में प्रभावित अकाउंट को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जाता है।
कई यूजर्स ने दावा किया कि उन्होंने केवल आधिकारिक व्हाट्सऐप ऐप का ही इस्तेमाल किया था, फिर भी उनका अकाउंट बिना किसी चेतावनी के समीक्षा में डाल दिया गया। कुछ लोगों ने कहा कि व्हाट्सऐप उनके कामकाज का प्रमुख माध्यम है और अचानक लगी रोक से उन्हें भारी परेशानी हुई।
इसी बीच, मेटा ने संसदीय समिति के समक्ष यह भी संकेत दिया कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक फेसबुक पोस्ट पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के मामले में कंपनी से कोई त्रुटि हुई है, तो वह उसके लिए माफी मांगने को तैयार है। समिति ने भारतीय कानूनों के पालन को लेकर कंपनी से जवाब भी मांगा।