×
 
☰

जेलेंस्की ने पुतिन को बताया पेशेंट जीरो, कहा- युद्ध ने दुनिया को बनाया ज्यादा खतरनाक

संयुक्त राष्ट्र महासभा में वोलोडिमीर जेलेंस्की ने व्लादिमीर पुतिन को ‘पेशेंट जीरो’ बताते हुए रूस पर दबाव बढ़ाने और युद्ध की कमाई रोकने की अपील की।

अमेरिका के न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा का सत्र जारी है। इसमें दुनियाभर के देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रख रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर तीखा हमला बोला।

अपने भाषण के दौरान जेलेंस्की ने पुतिन को ‘पेशेंट जीरो’ करार दिया। उन्होंने दुनिया के देशों से रूस की कमाई को रोकने और युद्ध की कोशिशों में बाधा डालने की अपील की। जेलेंस्की ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति पर दबाव बनाया जाना चाहिए, ताकि शांति की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

पुतिन को ‘पेशेंट जीरो’ क्यों कहा?

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि पुतिन ने युद्ध को यूक्रेन की सीमाओं से बाहर फैलने दिया है, जिससे दुनिया और अधिक खतरनाक बन गई है। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि क्या कोई पुतिन को युद्ध के बिना सोच सकता है? उनके अनुसार, पुतिन ही वह व्यक्ति हैं, जिनसे युद्ध का विचार लगातार दूसरे क्षेत्रों तक फैलता जा रहा है।

और पढ़ें: यूक्रेन ने युद्ध खत्म करने की प्रधानमंत्री मोदी की अपील का स्वागत किया: सिबिहा

जेलेंस्की ने कहा कि जहां भी यह युद्ध फैलता है, वहां दर्द, अस्थिरता, नए जोखिम और नए संकट पैदा होते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पुतिन को जितनी अधिक कार्रवाई की स्वतंत्रता मिलेगी, दुनिया के बाकी लोगों के लिए खतरा उतना ही बढ़ता जाएगा।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से रूस पर आर्थिक और राजनीतिक दबाव बढ़ाने का आग्रह किया। उनका कहना था कि रूस की युद्ध क्षमता और आय के स्रोतों पर रोक लगाना संघर्ष को आगे बढ़ने से रोकने के लिए जरूरी है। जेलेंस्की ने अपने संबोधन में शांति स्थापित करने के लिए सामूहिक अंतरराष्ट्रीय प्रयासों की जरूरत पर भी जोर दिया।

और पढ़ें: जयशंकर 3 से 5 सितंबर तक यूक्रेन और पोलैंड की यात्रा पर जाएंगे

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share