20वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र, अब तक 12.75 लाख को मिली सरकारी नौकरी
20वें रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए। अब तक रोजगार मेलों के जरिए 12.75 लाख से अधिक युवाओं को नियुक्तियां मिली हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। देशभर के 45 स्थानों पर आयोजित इस रोजगार मेले में प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चयनित युवाओं को संबोधित किया। इसके साथ ही अब तक आयोजित रोजगार मेलों में नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की संख्या 12 लाख 75 हजार से अधिक हो गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्योहारों के इस समय में हजारों परिवारों के जीवन में नई खुशी आई है। उन्होंने नियुक्ति पाने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि के पीछे युवाओं की मेहनत के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिजनों का योगदान भी है।
उन्होंने कहा कि नए नियुक्त युवा ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने युवाओं से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने दुनियाभर में भरोसा कायम किया है। उन्होंने नवोन्मेषकों, उद्यमियों और युवाशक्ति से दुनिया की बढ़ती उम्मीदों का भी उल्लेख किया। ब्रिक्स का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत चाहता है कि ब्रिक्स सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि युवा, किसान, महिलाएं और उद्यमी भी इसमें सक्रिय भागीदार बनें।
नियुक्ति पाने वाले युवाओं को राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय सहित विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्तियां मिली हैं।
और पढ़ें: उत्तराखंड में बनेगा देश का पहला अग्निवीर रोजगार प्रकोष्ठ, नौकरी और सरकारी योजनाओं में मिलेगी मदद