×
 

आगरा कैंट स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से विवाद, वायरल वीडियो के बाद आरपीएफ जवान निलंबित

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर डिप्टी स्टेशन अधीक्षक से कथित मारपीट के वायरल वीडियो के बाद रेलवे ने आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर जांच शुरू कर दी है।

आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों और डिप्टी स्टेशन अधीक्षक (डीएसएस) के बीच हुए कथित विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय रेलवे ने कार्रवाई करते हुए संबंधित आरपीएफ कर्मियों को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन संख्या 20808 अमृतसर-विशाखापत्तनम हीराकुंड एक्सप्रेस अपने निर्धारित ठहराव के अनुसार सुबह 10:51 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन स्टेशन से रवाना होने लगी, लेकिन कुछ ही समय बाद वह दोबारा रुक गई। ट्रेन के अचानक रुकने के बाद आरपीएफ कर्मियों और ऑपरेशन विभाग के कर्मचारियों के बीच विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान आरपीएफ के कुछ जवानों ने डिप्टी स्टेशन अधीक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस घटना के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए, जिनमें कथित तौर पर आरपीएफ कर्मियों और डीएसएस के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की दिखाई दे रही है।

और पढ़ें: भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के व्यावसायिक संचालन की तैयारी तेज, जींद में हुआ हाई-स्पीड ट्रायल सफल

वीडियो सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। रेलवे अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे आरपीएफ कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे कर्मचारियों के बीच अनुशासन बनाए रखना बेहद जरूरी है। किसी भी कर्मचारी द्वारा नियमों का उल्लंघन करने या अनुचित व्यवहार करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। अधिकारियों द्वारा घटना से जुड़े सभी वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि विवाद की वास्तविक वजह और दोषी कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट हो सके। रेलवे प्रशासन ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें: हरियाणा और राजस्थान को रेलवे की सौगात, चार ट्रेनों को मिले नए ठहराव

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share