पश्चिम बंगाल में नए मुख्यमंत्री पर मंथन आज, अमित शाह की नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों संग अहम बैठक
पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल के नेता के चयन के लिए आज अमित शाह की अहम बैठक होगी। शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज शुक्रवार को कोलकाता पहुंचेंगे, जहां वह भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ एक अहम बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा, जो राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने की राह तय करेगा। बैठक में मोहन चरण माझी भी शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा विधायक दल की बैठक शाम करीब 4 बजे आयोजित हो सकती है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हो रहा है जब एक दिन पहले राज्यपाल आर एन रवि ने विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उसे भंग कर दिया।
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रचार अभियान की अगुवाई की थी। इसके अलावा उन्होंने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली है।
और पढ़ें: दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की
शुभेंदु अधिकारी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प माना जा रहा है। वह कभी ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी थे और 2011 में वाम मोर्चे की सरकार को हटाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। हालांकि, 2021 के चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया था। चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा था, “मैं 2011 के परिवर्तन का हिस्सा था और अब असली बदलाव का हिस्सा हूं।”
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में दिलीप घोष, समीक भट्टाचार्य, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली के नाम भी चर्चा में हैं, लेकिन शुभेंदु अधिकारी को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
इस बीच, कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार सुबह होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो सकते हैं।
अंतिम नतीजों के अनुसार, भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं तृणमूल कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं। कांग्रेस और आम जनता उन्नयन पार्टी को दो-दो सीटें मिलीं, जबकि माकपा केवल एक सीट जीत सकी।