×
 

देश सेवा में 25 साल समर्पित: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर शाह ने वडनगर से बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

अमित शाह ने पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर वडनगर से वाराणसी बाइक रैली रवाना की। यात्रा सात राज्यों से होकर मोदी के 25 वर्षों की सेवा का संदेश देगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में महीने भर चलने वाले सेवा संकल्प अभियान’ के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात के वडनगर से वाराणसी के लिए बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई।

वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मस्थान है। अमित शाह ने इस अवसर पर हाटकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि वडनगर से शुरू होने वाली यह यात्रा सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है और वाराणसी तक जाएगी।

शाह के अनुसार, यात्रा में कुल 600 बाइक सवार शामिल होंगे। इनमें 300 बाइक सवार वडनगर से और 300 वाराणसी से यात्रा शुरू करेंगे। दोनों दिशाओं में निकलने वाली यात्राएं सात राज्यों और कई गांवों से होकर गुजरेंगी। इनका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का संदेश लोगों तक पहुंचाना है। यात्रा 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर को पूरी होने वाली है। यह तारीख मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से जुड़ी है।

और पढ़ें: यूसीसी पर उमर अब्दुल्ला का अमित शाह पर पलटवार, बोले- सहयोगी तैयार नहीं तो देशभर में कैसे लागू होगा?

मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख

अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद किसी अन्य राजनेता ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार 25 वर्षों तक नेतृत्व नहीं किया है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए युवाओं को ‘इंडिया फर्स्ट’ की भावना के साथ आगे बढ़ना होगा।

शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने 25 वर्षों में लगातार देश की सेवा की और प्रतिदिन 16 से 18 घंटे काम किया।

कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र

गृह मंत्री ने मोदी सरकार के कार्यकाल में गरीबी से 25 करोड़ लोगों के बाहर आने का दावा किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों को आवास, बिजली, नल का पानी, मुफ्त खाद्यान्न, 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवरेज, शौचालय और गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं मिली हैं।

शाह ने राष्ट्रीय सुरक्षा, सुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की पहलों का भी उल्लेख किया। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।

और पढ़ें: अमित शाह का पीएम मोदी पर बड़ा दावा, कहा- देश को नीतिगत पंगुता से बाहर निकाला

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share