सोनार बांग्ला का सपना पूरा करेगी भाजपा सरकार: सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री घोषित करने के बाद बोले अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ‘सोनार बांग्ला’ का सपना पूरा करेगी। उन्होंने सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता घोषित कर मुख्यमंत्री पद का रास्ता साफ किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बनने वाली नई भाजपा सरकार “सोनार बांग्ला” के सपने को साकार करने के लिए पूरी ताकत से काम करेगी। उन्होंने राज्य की जनता का आभार जताते हुए कहा कि हिंसा और धमकियों के बावजूद लोगों ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया और ऐतिहासिक जनादेश दिया।
कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक के दौरान अमित शाह ने सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता घोषित किया। इसके साथ ही सुवेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा, “आज के इस उत्सव के केंद्र में और बंगाल के भावी मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी हैं। बंगाल की जनता ने जिस विश्वास के साथ भाजपा को समर्थन दिया है, वह राज्य में बड़े बदलाव का संकेत है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे “सोनार बांग्ला” के लक्ष्य को पूरा करें और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें। अमित शाह ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बंगाल अब भयमुक्त और गौरवपूर्ण भविष्य की ओर बढ़ रहा है।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कई जगह हिंसा और धमकियों की घटनाएं हुईं, लेकिन इसके बावजूद लोगों ने भाजपा पर भरोसा कायम रखा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में घुसपैठ और गो-तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी के नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। इस दौरान नवनिर्वाचित विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को सुबह 11 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्री और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
सुवेंदु अधिकारी शाम राज्यपाल टी एन रवि से मुलाकात करेंगे और सभी भाजपा विधायकों के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र सौंपेंगे।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की यह जीत राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखी जा रही है।
और पढ़ें: अमित शाह का कोलकाता दौरा, पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल नेता चयन की बैठक की अध्यक्षता करेंगे