×
 

अमृतसर एयरपोर्ट पर ड्रोन दिखने के बाद हाई अलर्ट, सात उड़ानें डायवर्ट

अमृतसर एयरपोर्ट के रनवे के पास संदिग्ध ड्रोन दिखने के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। एहतियातन सात उड़ानों को दिल्ली और चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया।

अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रनवे के पास संदिग्ध ड्रोन या ड्रोन जैसे उड़ने वाले वस्तुओं की गतिविधि देखे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया। रविवार रात करीब 10 बजे एयरपोर्ट के परिचालन क्षेत्र में दो से चार संदिग्ध उड़ने वाली वस्तुएं दिखाई दीं। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने तत्काल अलर्ट जारी किया।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध ड्रोन राजाला गांव की दिशा से एयरपोर्ट की ओर आते दिखाई दिए। बताया गया कि ये वस्तुएं कुछ मिनट तक रनवे और अन्य संवेदनशील इलाकों के ऊपर मंडराती रहीं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट पर आने वाली सात उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया।

डायवर्ट की गई उड़ानों में मलेशिया एयरलाइंस की कुआलालंपुर-अमृतसर उड़ान को दिल्ली भेजा गया। इंडिगो की मुंबई-अमृतसर और दिल्ली-अमृतसर उड़ानों को चंडीगढ़ डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया की दिल्ली-अमृतसर उड़ानें दिल्ली लौटाई गईं। वहीं, शारजाह-अमृतसर मार्ग की इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानों को भी दिल्ली भेजा गया।

और पढ़ें: दोहा-बेंगलुरु इंडिगो उड़ान मस्कट डायवर्ट, उड़ान के दौरान चालक दल का सदस्य बीमार

भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब है एयरपोर्ट

राजा सांसी में स्थित श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा अमृतसर शहर के केंद्र से करीब 11 किलोमीटर दूर है। यह पंजाब का सबसे बड़ा और व्यस्ततम हवाईअड्डा है। इसकी भारत-पाकिस्तान सीमा से हवाई दूरी 30 किलोमीटर से भी कम है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से इसकी स्थिति बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

इससे पहले अगस्त में जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे। नौशेरा सेक्टर के रुमलीधारा क्षेत्र के पास तीन ड्रोन भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल हुए थे। भारतीय सेना के 22वीं जम्मू-कश्मीर राइफल्स के जवानों ने उन्हें detect किया और काउंटर-ड्रोन सिस्टम सक्रिय कर दिए। कार्रवाई के बाद तीनों ड्रोन सीमा पार लौट गए थे। इसके बाद इलाके में एहतियातन तलाशी अभियान चलाया गया था।

और पढ़ें: मियामी एयरपोर्ट पर अमेजन का कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त, आग लगने से पांच लोगों की मौत

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share