आंध्र प्रदेश के कर्नूल में भीषण सड़क हादसा, आठ श्रद्धालुओं की मौत
कर्नूल में बोलेरो और लॉरी की टक्कर में आठ श्रद्धालुओं की मौत हुई। कई घायल हैं। तेलंगाना में भी अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की जान गई।
आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में कम से कम आठ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग घायल हो गए। यह हादसा मंत्रालयम मंडल के चिलकलाडोना के पास उस समय हुआ, जब एक बोलेरो वाहन की टक्कर एक लॉरी से हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी घायल लोगों को तुरंत एम्मिगनूर के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक कर्नाटक के चिक्कमगलुरु क्षेत्र के निवासी थे और मंत्रालयम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
और पढ़ें: महाराष्ट्र के ठाणे में भीषण सड़क हादसा: पुल पर टक्कर में 11 की मौत, 2 गंभीर घायल
आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंडिपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए।
इससे पहले तेलंगाना के विकाराबाद जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पहले हादसे में एक परिवार के तीन सदस्य उस समय मारे गए, जब उनकी दोपहिया वाहन को एक लॉरी ने टक्कर मार दी।
दूसरे हादसे में एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई, जब उसकी बाइक निर्माणाधीन पुल के पास पानी से भरे गड्ढे में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि वहां चेतावनी बोर्ड तो था, लेकिन उचित बैरिकेडिंग नहीं थी।
और पढ़ें: इंदौर में भीषण सड़क हादसा: SUV और ट्रक की टक्कर में 4 की मौत, 8 घायल