हथिनीकुंड बैराज में सेना की नाव हादसे का शिकार, यमुना में एक जवान लापता
हरियाणा के यमुनानगर में प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान सेना की नाव हादसे का शिकार हो गई। हादसे में एक जवान यमुना नदी में लापता हो गया, तलाश जारी है।
हरियाणा के यमुनानगर जिले में प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान सेना की एक नाव यमुना नदी में हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में एक जवान लापता हो गया। हादसा हथिनीकुंड बैराज के पास हुआ। घटना के बाद सेना और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने संयुक्त रूप से तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, सेना के जवान बैराज क्षेत्र में प्रशिक्षण अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नाव दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार कुछ जवान नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और बचाव दल भी मौके पर पहुंचे।
प्रताप नगर थाने के थाना प्रभारी रोहताश ने बताया कि मंगलवार शाम सूचना मिली थी कि हथिनीकुंड बैराज में सेना के कुछ जवान प्रशिक्षण अभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नाव के साथ हादसा हो गया।
और पढ़ें: तेलंगाना में भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में टकराव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव हिरासत में
उन्होंने बताया कि नाव में करीब चार से पांच सैनिक सवार थे। हादसे के बाद चार जवान नदी के बहाव में बह गए। इनमें से तीन जवान किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे, जबकि एक जवान का अब तक पता नहीं चल पाया है।
लापता जवान की तलाश के लिए सेना की टीमों के साथ यमुनानगर और पड़ोसी उत्तर प्रदेश से एसडीआरएफ की टीमें भी अभियान में जुटी हैं। नदी में संभावित स्थानों पर तलाशी ली जा रही है। बचाव दल आसपास के इलाकों में भी जवान की तलाश कर रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, नदी के तेज बहाव और परिस्थितियों को देखते हुए खोज अभियान सावधानीपूर्वक चलाया जा रहा है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।