रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तीन नई ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी, जानिए रूट और पूरी जानकारी
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इससे महाराष्ट्र, उत्तराखंड, ओडिशा और गुजरात सहित कई राज्यों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को देशभर में रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तीन नई एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इनमें नांदेड़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) एक्सप्रेस, नांदेड़-टनकपुर एक्सप्रेस और पुरी-कोरापुट एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अलावा शाम को ब्रह्मपुर-सूरत (उधना) अमृत भारत एक्सप्रेस को भी रवाना किया जाएगा।
नांदेड़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस महाराष्ट्र के नांदेड़ और मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलेगी। यह ट्रेन पूर्णा, बसमत, हिंगोली डेक्कन, वाशिम, अकोला, मलकापुर, भुसावल, चालीसगांव, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी और कल्याण स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में रुकेगी। इससे नांदेड़, हिंगोली, वाशिम, अकोला, बुलढाणा, जलगांव, नासिक, ठाणे और मुंबई उपनगरों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
नांदेड़-टनकपुर एक्सप्रेस महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन होगी। यह पीलीभीत, इज्जतनगर, बरेली, बदायूं, कासगंज, मथुरा, आगरा, धौलपुर, ग्वालियर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति भोपाल, इटारसी, खंडवा, मलकापुर, अकोला, वाशिम, हिंगोली, बसमत और पूर्णा स्टेशनों पर रुकेगी।
और पढ़ें: मणिपुर के उखरुल में उग्रवादियों का घात लगाकर हमला, असम राइफल्स के दो जवान शहीद, कई घायल
वहीं, पुरी-कोरापुट एक्सप्रेस ओडिशा के तटीय और दक्षिणी क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को मजबूत करेगी। यह ट्रेन खुर्दा रोड, भुवनेश्वर, अंगुल, संबलपुर, बलांगीर, दमनजोड़ी और लक्ष्मीपुर रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शाम करीब 4 बजे ब्रह्मपुर-सूरत (उधना) अमृत भारत एक्सप्रेस को भी रवाना करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, यह ट्रेन दक्षिणी ओडिशा और गुजरात के बीच लंबी दूरी की सीधी रेल सेवा उपलब्ध कराएगी और पश्चिमी भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। नई ट्रेनों के संचालन से विभिन्न राज्यों के बीच आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
और पढ़ें: खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत की भागीदारी पर ईरान ने जताया आभार, दोस्ती को बताया अटूट