जापान में भारी बारिश से एशियाई खेलों पर संकट? सैकड़ों खिलाड़ी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए गए
जापान के नागोया में रिकॉर्ड बारिश से भीषण बाढ़ आई, जिसके बाद करीब 400 एथलीट और स्टाफ को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। अधिकारियों ने खेल आयोजन तय कार्यक्रम के अनुसार होने की पुष्टि की।
जापान के नागोया में मंगलवार को हुई रिकॉर्ड बारिश ने आगामी एशियाई खेलों की तैयारियों को प्रभावित कर दिया। एक घंटे में करीब 104 मिलीमीटर बारिश होने के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए निकासी आदेश जारी किया, जिसके तहत एशियाई खेलों में हिस्सा लेने पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों को भी अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
नागोया पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर इलाके में मौजूद सैकड़ों खिलाड़ियों को निकाला गया। स्थिति में सुधार होने और निकासी आदेश वापस लिए जाने के करीब दो घंटे बाद खिलाड़ी अपने ठहरने की जगह लौट गए।
नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने बताया कि अस्थायी आवास में रह रहे करीब 400 खिलाड़ियों और स्टाफ सदस्यों को भारी बारिश के दौरान ऊंचाई वाले सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। कुछ इमारतों की छतों से पानी टपकने की शिकायत मिली, लेकिन किसी खिलाड़ी के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रतियोगिता स्थलों को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
और पढ़ें: नीरज चोपड़ा एशियाई खेलों और डायमंड लीग फाइनल से बाहर, टखने में चोट के कारण 2026 सत्र किया समाप्त
हिरोसावा ने बुधवार को कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए एशियाई खेलों के आयोजन में कोई बड़ी बाधा नहीं है और प्रतियोगिता तय कार्यक्रम के अनुसार होगी।
भारी बारिश के कारण नागोया में मेट्रो और बस सेवाएं भी कुछ समय के लिए बंद करनी पड़ीं। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने क्षेत्र की एक प्रमुख नदी के लिए उच्चतम स्तर की बाढ़ चेतावनी जारी की। स्थानीय मीडिया के अनुसार, करीब 3,500 लोगों ने आपातकालीन राहत केंद्रों में शरण ली।
एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह 19 सितंबर को होगा, जबकि कुछ प्रतियोगिताएं इससे पहले शुरू हो जाएंगी। इस बार खिलाड़ियों के लिए पारंपरिक गांव के बजाय क्रूज जहाज, होटल और अस्थायी लकड़ी के आवास की व्यवस्था की गई है। आयोजन में 17,000 से अधिक खिलाड़ियों और अधिकारियों के पहुंचने की उम्मीद है।
और पढ़ें: जापान की सुविधाओं से नाखुश बीसीसीआई, एशियाई खेलों में भेज सकती है बी टीम