गुजरात और मध्य प्रदेश में एटीएस की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद के 8 आतंकी गिरफ्तार
गुजरात और मध्य प्रदेश में एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद के 8 आतंकियों को गिरफ्तार किया। वे बड़े हमले की साजिश रच रहे थे। जांच और पूछताछ जारी है।
गुजरात और मध्य प्रदेश में आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात एटीएस ने जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) से जुड़े 8 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की गिरफ्तारी से एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है।
एटीएस की टीम ने गुजरात के बनासकांठा, मेहसाणा, नवसारी और पाटन जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के देवास में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान आतंकियों के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए सभी 8 आरोपियों को पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार, इनमें से 6 आरोपी गुजरात के पालनपुर स्थित भागल गांव के रहने वाले हैं। सभी आरोपी अपने-अपने क्षेत्रों में जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क तैयार करने और लोगों को संगठन में शामिल होने के लिए उकसाने का काम कर रहे थे।
गिरफ्तार आतंकियों के नाम इब्राहिम घाघा, मुदासिर गाजीवाला, अहमद गाजीवाला, जकारिया दुरानी घाघा, महमूद अब्दुल सवादी, बिलाल दुरानी घाघा, मुफ्ती फौजान दौआ और महमूद अमीन बताए गए हैं।
एटीएस के उप महानिरीक्षक सुनील जोशी ने बताया कि इन लोगों ने गुजरात में “दारुल इस्लाम गुजरात जैश-ए-मोहम्मद” नाम से एक अलग संगठन भी बना रखा था, जो सीधे जेईएम से जुड़ा हुआ था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान स्थित दो आकाओं अब्दुल्ला और मोहम्मद उमर के संपर्क में थे और उनके निर्देश पर काम कर रहे थे।
शुरुआत में अहमद और इब्राहिम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद मिले सुरागों के आधार पर बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
एटीएस ने बताया कि सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क तथा विदेशी संपर्कों की जांच की जा रही है। समय रहते कार्रवाई होने से गुजरात में एक बड़े आतंकी हमले की साजिश को टाल दिया गया है।
और पढ़ें: कराची में सेना परिसर पर बड़ा आतंकी हमला, फिदायीन विस्फोट के बाद मची अफरा-तफरी