×
 

राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, चंपत राय के उत्तराधिकारी समेत कई बड़े फैसलों पर होगी चर्चा

अयोध्या में आज राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक होगी। चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफों, नए महासचिव, एसआईटी रिपोर्ट और वित्तीय प्रस्तावों पर चर्चा संभव है।

अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज सोमवार (6 जुलाई) को होने वाली महत्वपूर्ण बैठक पर सभी की निगाहें टिकी हैं। राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े विवादों के बीच आयोजित इस बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सबसे अधिक चर्चा ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के संभावित इस्तीफों को लेकर हो रही है।

सूत्रों के अनुसार, यदि चंपत राय का इस्तीफा स्वीकार किया जाता है तो उनके उत्तराधिकारी के नाम पर भी विचार किया जाएगा। इस पद के लिए तीन प्रमुख नामों की चर्चा है, जिनमें अजय कुमार नंदी, ट्रस्ट के सदस्य कृष्णमोहन और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) से जुड़े बजरंग लाल बांगड़ा शामिल हैं। हालांकि, बैठक में किसी नए या अप्रत्याशित नाम पर भी सहमति बन सकती है।

इसके अलावा, विहिप के राजेंद्र सिंह पंकज और नीरज दौनेरिया को ट्रस्ट का सदस्य बनाए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार संभव है। ट्रस्ट के सदस्य विमलेंद्र मोहन मिश्रा के निधन के बाद से एक सदस्य का पद रिक्त है, जिसे भरने की प्रक्रिया भी इस बैठक में आगे बढ़ सकती है।

और पढ़ें: विश्व कप से बाहर होते ही नेमार ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को कहा अलविदा, ब्राज़ील के लिए खेला आखिरी मैच

बताया जा रहा है कि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, जिन्हें हाल ही में अस्पताल से छुट्टी मिली है, बैठक की अध्यक्षता कर सकते हैं। वहीं ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने सभी नियमित और पदेन सदस्यों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।

बैठक में विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर भी चर्चा होने की संभावना है। एसआईटी राम मंदिर में कथित वित्तीय गड़बड़ियों और चढ़ावे से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। ट्रस्ट के सदस्य रिपोर्ट के निष्कर्षों की समीक्षा करेंगे और आगे की कार्रवाई पर विचार करेंगे।

इसके साथ ही राम मंदिर के भविष्य के प्रबंधन ढांचे, प्रशासनिक व्यवस्था और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की बिना ऑडिट वाली आय-व्यय रिपोर्ट, बैलेंस शीट और अन्य वित्तीय विवरणों को भी मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।

अयोध्या में होने वाली यह बैठक राम मंदिर ट्रस्ट के भविष्य, उसके प्रशासनिक ढांचे और नेतृत्व में संभावित बदलावों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसके फैसलों पर देशभर के श्रद्धालुओं और संबंधित संगठनों की नजर बनी हुई है।

और पढ़ें: मुंबई में मूसलाधार बारिश का कहर: बीएमसी का रेड नाउकास्ट अलर्ट, स्कूल-कॉलेज बंद, रेल और उड़ान सेवाएं प्रभावित

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share