आजमगढ़ में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर पलटी, तीन की मौत; छह गंभीर घायल
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि छह घायल अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती हैं।
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 5 बजे फूलपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के पास हुई। कार में कुल नौ लोग सवार थे। सभी पंजाब नंबर की कार से फूलपुर से सरायमीर की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सभी लोग राजभर पंडाल में गणेश चतुर्थी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
दो लोगों की मौके पर मौत
हादसे में सत्यम मोदनवाल (20) और निखिल गुप्ता (17) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल लकी सोनकर (19) ने फूलपुर अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
और पढ़ें: पत्नी प्रेमी के साथ चली गई, पति ने तलाश कर दोनों की मंदिर में शादी कराई
घायलों की पहचान अंश सोनकर, अनमोल मोदनवाल, किशन मोदनवाल, सक्षम बरनवाल, अनुराग पांडेय और शगुन उर्फ कौस्तुभ पांडेय के रूप में हुई है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर के क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
क्षेत्राधिकारी किरण पाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
बागपत में भी हुआ था बड़ा हादसा
इससे पहले 6 सितंबर को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में यात्रियों से भरी बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई थी। हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी और कई यात्री घायल हुए थे। यह दुर्घटना ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बड़ागांव कट के पास देर रात करीब 12:30 बजे हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, बस राजस्थान के बांगर से लौट रही थी। हादसे की सूचना 112 आपातकालीन सेवा के जरिए मिली थी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुंचाया गया था। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया।
और पढ़ें: यूपी में 1 करोड़ महिलाओं को मिलेगा ब्याजमुक्त 1 लाख रुपये तक का कर्ज, योगी सरकार की बड़ी योजना