बंगाल चुनाव 2026: 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान का आदेश, 2 मई को होगी वोटिंग
पश्चिम बंगाल चुनाव 2026 में मगरा हाट वेस्ट और डायमंड हार्बर के 15 बूथों पर 2 मई को पुनर्मतदान होगा। चुनाव आयोग ने गड़बड़ियों के चलते यह फैसला लिया।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के तहत चुनाव आयोग ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए मगरा हाट वेस्ट और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है। यह मतदान 2 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कराया जाएगा। आयोग ने यह कदम राज्य चुनाव तंत्र से प्राप्त रिपोर्टों और शिकायतों के आधार पर उठाया है।
आयोग के अनुसार, 142-मगरा हाट वेस्ट विधानसभा क्षेत्र के 11 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान होगा। इनमें यारपुर एफ.पी. स्कूल, नजरा एफ.पी. स्कूल, देउला एफ.पी. स्कूल और बहिरपुर कुरकुरिया एफ.पी. स्कूल जैसे केंद्र शामिल हैं। इन स्थानों पर पहले मतदान के दौरान प्रक्रियागत और प्रशासनिक गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं, जिसके चलते पुनर्मतदान आवश्यक समझा गया।
वहीं, 143-डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के चार मतदान केंद्रों—बगड़ा जूनियर हाई स्कूल, चांदा एफ.पी. स्कूल, हैंडेपुर एफ.पी. स्कूल और रायनगर एफ.पी. स्कूल—पर भी दोबारा मतदान कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि सभी केंद्रों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल चुनाव 2026: मतगणना से पहले बीजेपी की बड़ी बैठक, एग्जिट पोल ने बढ़ाया सियासी तापमान
चुनाव आयोग ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया है कि प्रभावित क्षेत्रों में ढोल बजाकर और अन्य पारंपरिक माध्यमों से मतदाताओं को पुनर्मतदान की जानकारी दी जाए। साथ ही संबंधित उम्मीदवारों को लिखित रूप से सूचित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा, आयोग ने रिटर्निंग ऑफिसर और पर्यवेक्षकों को तत्काल सतर्क रहने और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वे हर गतिविधि की जानकारी समय-समय पर आयोग को देते रहें।
गौरतलब है कि इस बार के विधानसभा चुनावों में यह पहली बार है जब पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है। इससे पहले 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान में ऐसी कोई स्थिति नहीं बनी थी।
और पढ़ें: बंगाल में हंग विधानसभा पर कांग्रेस का रुख अस्पष्ट, खड़गे ने दिया बड़ा बयान