×
 

बिहार बंद के दौरान सिवान में हिंसक बवाल, एसपी समेत 30 पुलिसकर्मी घायल, शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट बंद

बिहार बंद के दौरान सिवान में हिंसक झड़प में एसपी समेत 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और हवाई फायरिंग की। इंटरनेट सेवा शाम तक बंद रही।

बिहार में शनिवार को छात्र आंदोलन और बिहार बंद के दौरान कई जिलों में व्यापक प्रदर्शन और हिंसा देखने को मिली। सबसे अधिक तनावपूर्ण स्थिति सिवान में रही, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई हिंसक झड़प में पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूरण कुमार झा, दो उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) समेत कुल 30 पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को देखते हुए प्रशासन ने जिले में शाम 5:30 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने का फैसला किया।

यह विरोध प्रदर्शन छात्रों के समर्थन में आयोजित बिहार बंद के दौरान हुआ। हालांकि छात्रों की प्रमुख मांगें स्वीकार होने के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर 36 दिनों से चल रहा आंदोलन समाप्त हो गया था, लेकिन पटना में छात्र प्रदर्शन पर पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वामपंथी संगठनों ने बिहार बंद का आह्वान किया, जिसके बाद कई शहरों में प्रदर्शन तेज हो गए।

सिवान के गांधी मैदान से शुरू हुआ प्रदर्शन कुछ ही देर में हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक के बाद जमकर पथराव हुआ। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ दिए और लाठी-डंडों से पुलिस पर हमला किया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस ने पहले आंसू गैस के गोले छोड़े, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए 6 से 8 राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।

और पढ़ें: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में भीषण विस्फोट, दो लोगों की मौत, स्थानीय नेता बाल-बाल बचे

हवाई फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर पुलिस फायरिंग में मौत की अफवाहें फैलने लगीं। इस पर सिवान पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया कि पुलिस की गोली से किसी की मौत नहीं हुई है, हालांकि कुछ लोग घायल हुए हैं।

सिवान के अलावा पटना, छपरा, औरंगाबाद, सासाराम, भागलपुर, पूर्णिया और सीतामढ़ी में भी प्रदर्शन उग्र हो गए। कई स्थानों पर वाहनों में आग लगा दी गई और पथराव की घटनाएं सामने आईं।

पुलिस ने हिंसा के आरोप में कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी रोक लगाई गई है।

और पढ़ें: सीजेपी का धरना खत्म होते ही जंतर-मंतर पर सफाई अभियान, 500 से अधिक एनडीएमसी कर्मचारी तैनात

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share