बिहार में बड़ा राजनीतिक बदलाव: निशांत कुमार ने ठुकराया डिप्टी सीएम पद, बिजेंद्र यादव की दावेदारी मजबूत
निशांत कुमार ने छह महीने तक डिप्टी सीएम पद लेने से इनकार किया। बिहार में सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, जबकि बिजेंद्र यादव की दावेदारी मजबूत हुई।
बिहार की राजनीति में इस समय बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं, वहीं जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता निशांत कुमार ने उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने से फिलहाल इनकार कर दिया है।
सूत्रों के अनुसार, निशांत कुमार ने स्पष्ट किया है कि वह अगले छह महीने तक कोई भी राजनीतिक पद नहीं लेंगे और जनता के बीच रहकर काम करना चाहते हैं। इससे यह तय हो गया है कि वह 15 अप्रैल को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं होंगे।
अब उपमुख्यमंत्री पद के लिए जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव के नामों पर चर्चा तेज हो गई है। खासतौर पर बिजेंद्र यादव को इस पद के लिए मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
और पढ़ें: बिहार में बड़ा सियासी बदलाव, सम्राट चौधरी कल लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ
इधर, सम्राट चौधरी को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और वह बिहार के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा करेंगे।
इससे पहले नीतीश कुमार ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने भी कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। अब सबकी नजरें नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।
और पढ़ें: बिहार में सियासी बदलाव, नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, आज होगा नए मुख्यमंत्री का फैसला