बिहार के सुपौल में कंधे पर मगरमच्छ लेकर थाने पहुंचा युवक
बिहार के सुपौल में धान के खेत से पकड़े गए मगरमच्छ को एक युवक कंधे पर रखकर थाने पहुंच गया। वन विभाग ने मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे कोसी नदी में छोड़ दिया।
बिहार के सुपौल जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अपने कंधे पर मगरमच्छ लादकर सीधे पुलिस थाने पहुंच गया। मामला भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 का है, जहां धान के खेत में अचानक मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेत में काम कर रहे लोगों ने जैसे ही मगरमच्छ को देखा, उन्होंने शोर मचा दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। शुरुआती डर के बाद कुछ युवकों ने साहस दिखाते हुए मगरमच्छ को बिना नुकसान पहुंचाए रस्सी की मदद से काबू में कर लिया। इसके बाद उन्होंने बीरपुर वन विभाग को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची।
वन विभाग की टीम के इंतजार में ग्रामीणों ने मगरमच्छ के मुंह को रस्सी से बांध दिया ताकि किसी को नुकसान न पहुंचे। इसके बाद एक युवक मगरमच्छ को अपने कंधे पर उठाकर भीमनगर थाने पहुंच गया। थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी यह दृश्य देखकर हैरान रह गए।
और पढ़ें: अंकित शर्मा हत्याकांड: 51 घाव, नाले में मिला शव, ताहिर हुसैन समेत 5 को उम्रकैद
थाना प्रभारी मनीष कुमार ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में लेकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। जांच में मगरमच्छ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास कोसी नदी में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि बरसात के मौसम में नदियों का जलस्तर बढ़ने और जलमार्गों के आपस में जुड़ जाने के कारण मगरमच्छ और अन्य जंगली जीव खेतों तथा आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वन्यजीव को देखकर खुद पकड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
और पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: 10 भारतीय मुक्केबाज़ फाइनल में, भारत की नजर 10 स्वर्ण पदकों पर