जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड के गड्ढे में गिरकर बाइक सवार की मौत, रातभर चली तलाश के बाद मिला शव
दिल्ली के जनकपुरी में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरने से एचडीएफसी बैंक के असिस्टेंट मैनेजर कमल की मौत हो गई। परिवार ने विभागीय लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है।
दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जो एचडीएफसी बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थे और कैलाशपुरी के निवासी थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कमल देर रात रोहिणी स्थित अपने ऑफिस से घर लौट रहे थे। रास्ते में वे लगातार अपने परिवार के संपर्क में थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोग उनकी तलाश में निकल पड़े। रातभर खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस को एक कॉल मिली, जिसके बाद घटना का खुलासा हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कमल अपनी बाइक के साथ सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे में गिरे हुए थे।
और पढ़ें: गुजरात में दर्दनाक हादसा: पुल से कार गिरने के बाद लगी आग, तीन लोगों की मौत
रिपोर्ट के मुताबिक जिस जगह हादसा हुआ वहां दिल्ली जल बोर्ड का निर्माण कार्य चल रहा था और सड़क पर गड्ढा खोदा गया था। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है और उन्होंने संबंधित विभागों की लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस घटना पर आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक निर्दोष बाइक सवार सड़क के गहरे गड्ढे में गिरकर पूरी रात पड़ा रहा और उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि सरकार ने नोएडा की घटना से भी कोई सबक नहीं लिया।
यह हादसा 16 जनवरी को नोएडा सेक्टर-150 में हुए उस हादसे के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है, जिसमें 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार जलभराव वाले गड्ढे में गिरने से मौत हो गई थी।
और पढ़ें: कर्नाटक के होसनगर के पास निजी स्लीपर बस में लगी आग, चालक-परिचालक समेत तीन झुलसे