बंगाल उपचुनाव के लिए बीजेपी ने घोषित किए उम्मीदवार, नंदीग्राम से सीएम के दिवंगत पीए चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी को टिकट
बीजेपी ने पश्चिम बंगाल उपचुनाव में नंदीग्राम से दिवंगत चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ और रेजीनगर से सखरव सरकार को उम्मीदवार बनाया है।
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार, 15 सितंबर को पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। पार्टी ने नंदीग्राम से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की 62 वर्षीय मां हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, रेजीनगर सीट से बीजेपी ने मुर्शिदाबाद जिले के पूर्व जिला अध्यक्ष और पार्टी की राज्य समिति के सदस्य सखरव सरकार को मैदान में उतारा है।
चंद्रनाथ रथ की 6 मई को बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उनकी हत्या पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सत्ता में वापसी के कुछ ही दिनों बाद हुई थी। शुभेंदु अधिकारी ने दो दिन बाद मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
हसीरानी रथ पूर्वी मेदिनीपुर जिले के चंडीपुर क्षेत्र के कुलुप गांव की रहने वाली हैं। वह लंबे समय से स्थानीय राजनीति में सक्रिय हैं और पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधि के रूप में काम कर चुकी हैं। वर्ष 2013 से 2018 तक वह चंडीपुर पंचायत समिति में बाल एवं महिला विकास विभाग की कर्माध्यक्ष रहीं। उन्होंने खुद बताया था कि वह 1998 से राजनीति में सक्रिय हैं।
और पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव में बीजेपी का दबदबा, 5 नगर निगमों में मेयर बनाना लगभग तय
हसीरानी पहले तृणमूल कांग्रेस से जुड़ी थीं। दिसंबर 2020 में शुभेंदु अधिकारी के बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने भी अपने परिवार के साथ बीजेपी का दामन थाम लिया। दोनों परिवारों के बीच दो दशक से अधिक पुराना राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंध रहा है। उनके पति का 2024 में निधन हो गया था।
नंदीग्राम में पांच उम्मीदवार
नंदीग्राम में हसीरानी रथ का मुकाबला तृणमूल कांग्रेस की संचिता प्रधान (डे), बागी टीएमसी गुट के मोहम्मद एतेशामुल हक, कांग्रेस के मिलन प्रधान और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के शांति गोपाल गिरि से होगा।
नंदीग्राम का राजनीतिक महत्व काफी अधिक है। यह सीट भूमि अधिग्रहण विरोधी आंदोलन का केंद्र रही थी, जिसने 2011 में टीएमसी को सत्ता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। 2026 के विधानसभा चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी, जिसके कारण उपचुनाव जरूरी हुआ।
रेजीनगर में मुकाबला
रेजीनगर से टीएमसी ने पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। बागी टीएमसी गुट ने सफीउद्दीन शेख को टिकट दिया है। कांग्रेस से मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफ़ी और लेफ्ट फ्रंट से सैयद असद अली मैदान में हैं। मौजूदा विधायक हुमायूं कबीर ने अपने बेटे गोलाम नबी आजाद (रॉबिन) को उतारने का फैसला किया है।
दोनों सीटों के लिए मतदान 6 अक्टूबर को होगा और मतगणना 9 अक्टूबर को की जाएगी।
और पढ़ें: राजस्थान निकाय चुनाव: ईवीएम में गड़बड़ी के बाद 4 निकायों में महापौर-उपमहापौर चुनाव टले