केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 25 सितंबर को मिलेगी सैलरी-पेंशन, जानें वजह
केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सितंबर की सैलरी और पेंशन 25 सितंबर को अग्रिम मिलेगी। प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के कारण यह फैसला लिया गया।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन इस बार तय समय से पहले जारी की जाएगी। वित्त मंत्रालय के अनुसार, सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 25 सितंबर, शुक्रवार को खाते में जमा किया जाएगा।
सरकार ने यह फैसला यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) की ओर से 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया है। यदि हड़ताल होती है तो इसका असर बैंकिंग सेवाओं और लेनदेन पर पड़ सकता है। यह हड़ताल बैंकिंग क्षेत्र की छमाही क्लोजिंग अवधि के साथ भी पड़ रही है।
वित्त मंत्रालय के अधीन नियंत्रक महालेखा अधिकारी (सीजीए) की ओर से 23 सितंबर को जारी कार्यालय ज्ञापन में कहा गया है कि सितंबर 2026 के लिए सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों के वेतन और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर को किया जा सकता है।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 15 अक्टूबर को मिलेगा वेतन-पेंशन
किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?
इस फैसले का लाभ सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों को मिलेगा। इसमें रक्षा, डाक और दूरसंचार विभागों के कर्मचारी भी शामिल हैं। औद्योगिक कर्मचारियों का सितंबर महीने का वेतन भी 25 सितंबर को पहले जारी किए जाने की संभावना है।
इसके अलावा केंद्रीय सरकार के पेंशनभोगियों की सितंबर 2026 की पेंशन भी बैंकों और पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (पीएओ) के माध्यम से 25 सितंबर को जारी की जाएगी।
बैंक हड़ताल की वजह से लिया फैसला
प्रस्तावित बैंक हड़ताल सितंबर के अंतिम दिनों और मौजूदा तिमाही के समापन के समय हो रही है। सरकार को आशंका है कि बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान से कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और अन्य जरूरी भुगतानों पर असर पड़ सकता है।
इसी वजह से मंत्रालयों और विभागों को सितंबर के आखिरी दिनों में होने वाले अन्य भुगतान और बैंकिंग लेनदेन भी संभव होने पर पहले निपटाने की सलाह दी गई है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 25 सितंबर को मिलने वाला वेतन और पेंशन अग्रिम भुगतान माना जाएगा। वास्तविक मासिक राशि और प्राप्त रकम में किसी तरह का अंतर होने पर उसका समायोजन अक्टूबर 2026 के वेतन में किया जाएगा।
और पढ़ें: तीन दिन की बैंक हड़ताल से पहले रविवार को खुले रहेंगे सरकारी बैंक, जानें पूरी जानकारी