दिल्ली में 40 जगहों पर 35 रुपये किलो बिकेगा प्याज, केंद्र ने शुरू की बफर स्टॉक से बिक्री
केंद्र सरकार ने प्याज की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए दिल्ली में 40 स्थानों पर 35 रुपये किलो प्याज बेचने का फैसला किया है।
दिल्ली में 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज
नई दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों के बीच केंद्र सरकार ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बफर स्टॉक से प्याज की बिक्री शुरू करने का फैसला किया है। सरकार दिल्ली में 40 स्थानों पर 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से प्याज उपलब्ध कराएगी। इसके लिए कृषि भवन से प्याज से लदे 40 ट्रकों को रवाना किया जाएगा। उपभोक्ता मामलों और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की सचिव निधि खरे इन ट्रकों को हरी झंडी दिखाएंगी।
निधि खरे ने कहा कि देश में प्याज की कोई कमी नहीं है। उनके मुताबिक, हाल में कीमतों में हुई बढ़ोतरी के पीछे कुछ बिचौलियों की भूमिका है। उन्होंने बताया कि एनसीसीएफ और नाफेड के पास पर्याप्त प्याज का भंडार मौजूद है। प्याज को रेल के जरिए दिल्ली लाया जा रहा है और फिर ट्रकों के माध्यम से विभिन्न स्थानों तक पहुंचाया जाएगा।
और पढ़ें: प्याज-चीनी की बढ़ती कीमतों पर दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला, नाफेड से खरीदकर सस्ते दामों पर बेचेगी
नाफेड के प्रबंध निदेशक दीपक अग्रवाल ने बताया कि मौसम की परिस्थितियों का प्याज की फसल पर कुछ असर पड़ा है, लेकिन देश में स्टॉक की कमी नहीं है। सरकार दिल्ली के सरकारी राशन केंद्रों पर भी सस्ता प्याज उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार से बातचीत कर रही है।
केंद्र के अनुसार, त्योहारी मौसम में मांग बढ़ने के कारण प्याज की कीमतों में सामान्य तौर पर तेजी आती है। बुधवार को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत 46.74 रुपये प्रति किलोग्राम थी, जो एक महीने पहले की तुलना में 35 प्रतिशत और सालाना आधार पर 63 प्रतिशत अधिक है।
सरकार ने कहा कि वह प्याज की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रख रही है। जरूरत पड़ने पर उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए अतिरिक्त कदम उठाए जाएंगे। चालू वित्त वर्ष में नाफेड और एनसीसीएफ के जरिए बफर स्टॉक को उत्पादक क्षेत्रों से दिल्ली-एनसीआर तक पहुंचाने के लिए ‘कांदा एक्सप्रेस’ जैसी लॉजिस्टिक व्यवस्था का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।