×
 

ग्रेटर नोएडा में खुले मैनहोल में गिरा मासूम, एआरटीओ की तत्परता से बची 12 साल के बच्चे की जान

ग्रेटर नोएडा में खुले नाले के मैनहोल में गिरा मासूम एआरटीओ और स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद प्राधिकरण की लापरवाही पर सवाल उठे।

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे खुले पड़े गहरे नाले के मैनहोल में एक मासूम बच्चा गिर गया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद लोगों और गौतम बुद्ध नगर के एआरटीओ राजेश मोहन की तत्परता से बच्चे को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर सेक्टर चाई-फाई इलाके के पास एक 12 वर्षीय बच्चा अपनी मां के साथ सड़क किनारे बने नाले के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान आगे खुला हुआ मैनहोल होने के कारण बच्चा अनजाने में उसमें जा गिरा। नाला करीब 10 फीट गहरा बताया जा रहा है।

बच्चे के नाले में गिरते ही उसकी मां ने जोर-जोर से चीखना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर जमा हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे गौतम बुद्ध नगर के एआरटीओ राजेश मोहन और उनकी टीम भी मौके पर पहुंच गई।

और पढ़ें: योगी आदित्यनाथ बोले- 2017 के बाद सुल्तानपुर में कानून-व्यवस्था और कनेक्टिविटी में हुआ बड़ा सुधार

एआरटीओ और स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम के सदस्यों ने नाले में उतरकर काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाल लिया। हादसे में बच्चे को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन समय पर बचाव होने से बड़ा हादसा टल गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई जगह नाले खुले पड़े हैं और मैनहोल के ढक्कन गायब हैं। इससे आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्राधिकरण की ओर से उचित कदम नहीं उठाए गए।

लोगों ने कहा कि आज एक बच्चे की जान बच गई, लेकिन यदि वह अकेला होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने प्रशासन से खुले नालों और मैनहोल को तुरंत बंद कराने की मांग की है।

और पढ़ें: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अयोध्या में हाउस अरेस्ट, राम मंदिर दर्शन को जाने वाले प्रतिनिधिमंडल पर रोक का आरोप

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share