×
 

लखनऊ में 5 जुलाई को चिराग पासवान का बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन, विपक्ष के नैरेटिव पर करेंगे हमला

चिराग पासवान 5 जुलाई को लखनऊ में कार्यकर्ता सम्मेलन करेंगे। दलित प्रतिनिधित्व और 2027 यूपी चुनाव रणनीति पर चर्चा होगी तथा विपक्ष के संविधान-आरक्षण नैरेटिव का जवाब देंगे।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान आगामी 5 जुलाई को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित होगा, जिसमें हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।

यह सम्मेलन 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की संगठनात्मक ताकत बढ़ाने और रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी नेताओं के अनुसार, चिराग पासवान इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को चुनावी दिशा देंगे और दलित प्रतिनिधित्व को लेकर पार्टी की रणनीति साझा करेंगे।

लोजपा (रामविलास) के उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने कहा कि विपक्ष ने 2024 लोकसभा चुनाव में “संविधान और आरक्षण खतरे में है” का झूठा नैरेटिव फैलाया था। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान हमेशा यह स्पष्ट करते आए हैं कि जब तक रामविलास पासवान के विचारों के उत्तराधिकारी मौजूद हैं, तब तक संविधान और आरक्षण को कोई खतरा नहीं है।

और पढ़ें: लखनऊ पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 यूपी चुनाव की रणनीति पर होगा बड़ा मंथन

अरुण भारती ने यह भी कहा कि कांग्रेस चुनाव हारने पर दलित चेहरों को आगे करती है। उन्होंने राजेंद्र पाल गौतम, मीरा कुमार और के. सुरेश जैसे नेताओं का उदाहरण देते हुए कांग्रेस पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया।

एनडीए गठबंधन को लेकर उन्होंने किसी भी तरह की अंदरूनी खींचतान से इनकार करते हुए कहा कि सहयोगी दल पूरी तरह एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान का यह दौरा उत्तर प्रदेश में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का जवाब देने, दलित वोट बैंक को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

और पढ़ें: दिल्ली में वर्क फ्रॉम होम खत्म, सीएम रेखा गुप्ता ने बदला सरकारी दफ्तरों का समय

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share