×
 

सीएम योगी ने बुलंदशहर को दी 574 करोड़ की 57 परियोजनाओं की सौगात, बोले- विकास और सुरक्षा में यूपी बना मॉडल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुलंदशहर में 574 करोड़ रुपये की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने विकास, सुरक्षा, निवेश और सुशासन को सरकार की प्राथमिकता बताया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर जिले को 574 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 57 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन, सुरक्षा और रोजगार के क्षेत्र में लगातार नए मानक स्थापित कर रही है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी पहचान बना रहा है। सरकार ने प्रदेश में आधारभूत ढांचे के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास का नया द्वार बनेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा। योगी ने कहा कि भले ही एयरपोर्ट जेवर में बन रहा है, लेकिन इसका सबसे बड़ा लाभ बुलंदशहर समेत आसपास के जिलों को मिलेगा।

और पढ़ें: नमो भारत बदलेगी ऋषिकेश की तस्वीर, दिल्ली-एनसीआर से लेकर अलवर और करनाल तक होगी सीधी कनेक्टिविटी

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन 57 परियोजनाओं से बुलंदशहर और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

वहीं, अमरोहा में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और कई जिलों में दंगे होते थे, जिससे लोग असुरक्षित महसूस करते थे।

गजरौला स्थित वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय में अमरोहा और धनौरा विधानसभा क्षेत्रों के लिए 207 करोड़ रुपये से अधिक की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को जमीन पर उतार रही है और विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से सुशासन आता है, सुशासन से निवेश बढ़ता है और निवेश प्रदेश की समृद्धि का रास्ता खोलता है। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को सुरक्षा और विकास के क्षेत्र में एक मॉडल राज्य के रूप में पेश किया।

और पढ़ें: दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार का सख्त संदेश, बोले- भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं होगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share