×
 

कर्नाटक विधानसभा कैंटीन में गंदगी का खुलासा, खाने में कॉकरोच और एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली

कर्नाटक विधानसभा परिसर की कैंटीन में खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में कॉकरोच, खराब स्वच्छता और एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। मामले की जांच जारी है।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित विधानसभा परिसर में चल रही सरकारी कैंटीन की खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। गुरुवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण किया, जिसमें कैंटीन के भीतर बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। खाने की प्लेटों के आसपास भी कॉकरोच दिखाई दिए, जिसके बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह कैंटीन विकास सौधा में स्थित है। विकास सौधा में कई मंत्रियों और वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कार्यालय हैं। बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी भी यहां स्थित कैंटीन में भोजन करते हैं। ऐसे में कैंटीन में स्वच्छता की खराब स्थिति सामने आने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

खराब गुणवत्ता और स्वच्छता में कमी

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने विधायकों के आवास परिसर में स्थित एक प्रतिष्ठान में भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई। वहां साफ-सफाई की स्थिति भी खराब मिली।

और पढ़ें: कर्नाटक को तमिलनाडु के लिए 15 दिनों तक रोज 12 हजार क्यूसेक कावेरी जल छोड़ने का निर्देश

यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब इससे एक दिन पहले स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय आरोग्य सौधा में संचालित कैंटीन में भी कई खामियां सामने आई थीं।

एक्सपायरी खाद्य सामग्री बरामद

आरोग्य सौधा की कैंटीन के निरीक्षण में अधिकारियों को कुछ खाद्य सामग्री की निर्धारित उपयोग अवधि समाप्त मिली। इनमें इडली रवा और नारियल पाउडर शामिल थे। अधिकारियों ने पाया कि खाद्य सामग्री का भंडारण भी भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार नहीं किया जा रहा था।

इसके अलावा, कैंटीन में कीट नियंत्रण के लिए जरूरी उपाय भी पर्याप्त तरीके से नहीं किए गए थे।

बेंगलुरु में बड़े स्तर पर जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग बेंगलुरु शहरी जिले और ग्रेटर बेंगलुरु क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसके तहत तीन और पांच सितारा होटलों के साथ-साथ रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।

हाल में बेंगलुरु के 60 तीन और पांच सितारा होटलों का निरीक्षण किया गया और 77 खाद्य नमूने प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे गए। कर्नाटक में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई के बीच सरकारी भवनों में स्थित कैंटीन भी जांच के दायरे में आ गई हैं।

और पढ़ें: कर्नाटक: बेंगलुरु के होटलों में जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने 132 किलो अनुपयुक्त खाद्य सामग्री जब्त की

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share