छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मामूली विवाद के बाद सांप्रदायिक तनाव, पथराव में 50 से अधिक घायल
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मामूली विवाद के बाद दो गुटों में पथराव हुआ, जिसमें 50 से अधिक लोग घायल हुए। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति नियंत्रित की।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक मामूली विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के मसानगंज इलाके में दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ। घटना में दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
हिंसा के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। बिलासपुर जिले के विभिन्न हिस्सों और आसपास के जिलों से भी अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाए गए। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और देर रात तक स्थिति की निगरानी करते रहे।
सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत मवेशियों से संबंधित इंस्टाग्राम और फेसबुक पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर हुई। आरोप है कि एक समुदाय के कुछ युवकों द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों में नाराजगी पैदा हुई।
और पढ़ें: छत्तीसगढ़ में रेलवे सुरंग के अंदर दिखा तेंदुआ, ट्रेन चालक ने धीमी की रफ्तार
बताया गया कि इसके बाद हिंदू संगठन से जुड़े चार युवक मसानगंज इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि सोहेल खान और कुछ अन्य लोगों ने अक्षत सिंह तथा उनके एक साथी के साथ मारपीट की। इसके बाद युवकों ने घटना की जानकारी हिंदू संगठन के सदस्यों को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इलाके में जमा हो गए।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। सड़कों पर बड़ी भीड़ जमा होने से इलाके में तनाव फैल गया।
अधिकारियों ने संभाली स्थिति
स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने बल प्रयोग किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बिलासपुर के अलग-अलग थानों से पुलिसकर्मियों को संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया और दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस ने रातभर संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त की। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इलाके में तनाव बना रहा, हालांकि पुलिस ने स्थिति पर लगातार निगरानी जारी रखी।