×
 

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस में मंथन, टीवीके प्रमुख विजय ने मांगा समर्थन

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस में बैठक हुई। टीवीके प्रमुख विजय ने समर्थन मांगा है, जबकि कांग्रेस ने राज्य इकाई को अंतिम निर्णय लेने को कहा है।

तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर नया सियासी घटनाक्रम सामने आया है। कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया कि तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के प्रमुख अभिनेता विजय ने राज्य में सरकार बनाने के लिए पार्टी से समर्थन मांगा है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व ने राज्य इकाई को अंतिम निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर मंगलवार शाम एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तमिलनाडु प्रभारी गिरिश चोडणकर सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल ने कहा कि तमिलनाडु में चुनाव बाद की राजनीतिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि पार्टी ने राज्य इकाई को निर्देश दिया है कि वह चुनाव परिणामों में जनता की भावना को ध्यान में रखते हुए अंतिम निर्णय ले।

और पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव 2026: क्या बीजेपी ने द्रविड़ किले में बनाई सेंध?

वेणुगोपाल ने कहा कि टीवीके प्रमुख थिरु विजय ने कांग्रेस से सरकार गठन के लिए समर्थन का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि तमिलनाडु में ऐसा सरकार बने जो धर्मनिरपेक्ष हो और संविधान की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हो।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके “सहयोगी” किसी भी रूप में तमिलनाडु की सरकार का हिस्सा न बनें।

वेणुगोपाल ने यह भी बताया कि विजय ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे के. कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है।

गौरतलब है कि टीवीके ने 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं, जबकि बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता होती है। पार्टी को सरकार बनाने के लिए 10 विधायकों के समर्थन की जरूरत है।

कांग्रेस ने इस चुनाव में 5 सीटें, पीएमके ने 4 सीटें, जबकि सीपीआई और सीपीएम ने 2-2 सीटें जीती हैं।

और पढ़ें: कोयंबटूर रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विपक्ष पर हमला, बोले— महिला आरक्षण बिल को नफरत की राजनीति का शिकार बनाया गया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share