×
 
☰

दिल्ली को मिलीं 150 नई इलेक्ट्रिक बसें, पांच ईवी चार्जिंग स्टेशन भी शुरू

दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भूपेंद्र यादव ने 150 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। पांच ईवी चार्जिंग स्टेशन और 13 वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन भी शुरू हुए।

दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने के लिए 150 नई इलेक्ट्रिक बसें शुरू की गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सेवा संकल्प अभियान के तहत इन बसों को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही दिल्ली के पांच प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने आनंद विहार तथा आसपास के इलाकों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा भी की। नई बसों के शामिल होने से दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के इलेक्ट्रिक बस बेड़े की संख्या बढ़कर लगभग 6,800 हो गई है। सरकार का लक्ष्य इसे बढ़ाकर 14,000 बसों तक पहुंचाना है।

स्वच्छ परिवहन पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार एक ओर इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर ईवी चार्जिंग ढांचे का भी विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिल्लीवासियों को आधुनिक, स्वच्छ और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।

और पढ़ें: दिल्ली में बिजली सब्सिडी के लिए आधार अनिवार्य, लाभ लेने वालों को कराना होगा सत्यापन

कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा, पंकज कुमार सिंह और विधायक ओम प्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रदूषण की निगरानी के लिए नई व्यवस्था

दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के प्रमुख केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने के लिए शास्त्री पार्क में नया एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) स्थापित किया है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यहां कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित कैमरों, वास्तविक समय के आंकड़ों और जीपीएस तकनीक की मदद से प्रदूषण नियंत्रण संबंधी गतिविधियों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है।

रेखा गुप्ता और भूपेंद्र यादव ने केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषकों की निगरानी के लिए 13 नए सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) भी शुरू किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर नियंत्रण के लिए मिशन मोड में काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में विधायक अरविंदर सिंह लवली और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे। इलेक्ट्रिक बसों और चार्जिंग स्टेशनों के विस्तार को वाहन प्रदूषण घटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

और पढ़ें: दिल्ली सरकार शुरू करेगी दुर्गा ई-ऑटो योजना, पहले चरण में महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को मिलेंगे 1,300 गुलाबी ई-ऑटो

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share