कनॉट प्लेस के होटल से कूदे दिल्ली हाई कोर्ट के वकील की मौत, जांच जारी
दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित होटल से कूदकर 26 वर्षीय वकील राजेश सिंह की मौत हो गई। पुलिस जांच जारी है और फिलहाल किसी साजिश की आशंका नहीं जताई गई।
राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां दिल्ली हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले एक 26 वर्षीय वकील की होटल की 15वीं मंजिल से कूदने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश सिंह के रूप में हुई है, जो महावीर एन्क्लेव के रहने वाले थे।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 9:15 बजे की है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। यह घटना कनॉट प्लेस स्थित द रॉयल प्लाजा होटल में हुई, जहां राजेश सिंह 18 अप्रैल की शाम करीब 6:30 बजे ठहरे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राजेश सिंह ने कथित तौर पर होटल की 15वीं मंजिल से छलांग लगाई। हालांकि, उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसके पीछे की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। घटना के तुरंत बाद उन्हें लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि क्राइम टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी सबूत जुटाए। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज को भी जांच के दायरे में लिया गया है, ताकि घटना के हर पहलू को समझा जा सके।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, इस मामले में किसी भी तरह की साजिश या आपराधिक पहलू की आशंका नहीं है। पुलिस ने भी कहा है कि फिलहाल कोई गड़बड़ी नहीं दिख रही है और आगे की कार्रवाई संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत की जा रही है।