×
 
☰

दिल्ली में बीजेपी सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी, जांच शुरू

दिल्ली में बीजेपी सांसद राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी हुई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिवार के आने के बाद चोरी हुए सामान की पूरी जानकारी मिलेगी।

दिल्ली के फिरोजशाह रोड स्थित बीजेपी के राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। रविवार सुबह पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक, सांसद का सरकारी आवास कोठी नंबर 18 में है। घर खाली होने के कारण फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि वहां से कुल कितना सामान चोरी हुआ। शुरुआती जानकारी में बाथरूम से टैबलेट, कुछ जरूरी सामान, गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोंटी गायब होने की बात सामने आई है।

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आवास में चोरी कब हुई और इसमें कौन लोग शामिल हैं। गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोंटी ले जाने के पीछे क्या वजह थी, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग यानी सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों से यह पता किया जा रहा है कि आवास के रखरखाव और मरम्मत के सिलसिले में हाल में कौन-कौन लोग वहां आए थे।

और पढ़ें: असम में बीजेपी विधायक पर चाकू से हमले की कोशिश, कथित नशे में धुत ट्रक चालक गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि सांसद के परिवार के सदस्य शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आने के बाद आवास में मौजूद सामान की जांच की जाएगी और चोरी हुए सामान की पूरी सूची तैयार होने की संभावना है। इसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

राधा मोहन दास अग्रवाल का राजनीतिक सफर

डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ हैं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं। उन्होंने 2002 में गोरखपुर नगर सीट से हिंदू महासभा के टिकट पर चुनाव लड़कर बीजेपी के वरिष्ठ नेता शिव प्रताप शुक्ल को हराया था। बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए और 2002, 2007, 2012 तथा 2017 में लगातार चार बार विधायक चुने गए।

2022 में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए अपनी पारंपरिक गोरखपुर नगर सीट छोड़ दी। इसके बाद बीजेपी ने जुलाई 2022 में उन्हें राज्यसभा भेजा। वर्तमान में वह बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री भी हैं।

और पढ़ें: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए बीजेपी ने तीन उम्मीदवार घोषित किए, 23 अक्टूबर को मतदान

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share