ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली किले में तब्दील, 500 सीसीटीवी कैमरे और 7,000 सुरक्षाकर्मी तैनात
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली में 500 सीसीटीवी कैमरे और 7,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती हुई है। यातायात, एयरपोर्ट और वीवीआईपी मार्गों पर विशेष निगरानी रहेगी।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली को लगभग किले में तब्दील कर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी तुगलक रोड थाने में बनाए गए सीसीटीवी कंट्रोल रूम से की जाएगी। यहां करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी होगी। यह नियंत्रण कक्ष नई दिल्ली जिले की कई महत्वपूर्ण सड़कों के अलावा उन प्रमुख इलाकों पर भी नजर रखेगा, जहां विदेशी प्रतिनिधि ठहरेंगे।
भारत मंडपम के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एयरपोर्ट, होटलों और सम्मेलन स्थल को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रखेंगी। अधिकारियों के अनुसार, ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान दिल्ली पुलिस, अर्धसैनिक बलों, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी), खुफिया ब्यूरो और विशेष सुरक्षा समूह (एसपीजी) समेत विभिन्न एजेंसियों के करीब 7,000 जवान तैनात रहेंगे।
और पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट पर पहली बार उतरे रूसी सेना के तीन विमान, पुतिन की यात्रा से जोड़कर देखा जा रहा कदम
वीवीआईपी आवाजाही के दौरान नई दिल्ली और आसपास के इलाकों में यातायात को आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाने की तैयारी है।
इस बीच, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने भी सौंदर्यीकरण अभियान तेज कर दिया है। 15,000 से अधिक गमले लगाए जाएंगे और 15 स्थानों पर फूलों से सजाए गए बोर्ड लगाए जाएंगे। नौ प्रमुख स्थानों पर फ्लोरल फाउंटेन भी तैयार किए जाएंगे।
चाणक्यपुरी स्थित ब्रिक्स फ्रेंडशिप रोज गार्डन में भी विशेष सजावट की जा रही है। करीब तीन एकड़ में फैले इस उद्यान में गुलाब की 107 किस्में हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट पर ब्रिक्स प्रतिनिधियों के लिए अलग इमिग्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे। टर्मिनल-3 की क्षमता बढ़ाने के साथ विमानों की लैंडिंग और पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
और पढ़ें: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 का कार्यक्रम जारी, 12 और 13 सितंबर को होंगे अहम कार्यक्रम