×
 

दिल्ली के आईटीओ में सड़क हादसा, दो विधायकों समेत छह लोग घायल

दिल्ली के आईटीओ में दो कारों की टक्कर में किराड़ी विधायक अनिल झा और कर्नाटक विधायक अभय पटेल समेत छह लोग घायल हुए। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।

नई दिल्ली के आईटीओ इलाके में रविवार रात हुए सड़क हादसे में दो विधायकों समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों में दिल्ली के किराड़ी से मौजूदा विधायक अनिल झा और कर्नाटक के विधायक अभय पटेल भी शामिल हैं। हादसा रात करीब 9:30 बजे मध्य दिल्ली में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) कार्यालय के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, एक स्विफ्ट कार लक्ष्मी नगर से आईटीओ की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद कार रेलिंग पार कर आईटीओ से लक्ष्मी नगर की ओर आ रही एक इनोवा कार से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार लोगों को चोटें आईं।

स्विफ्ट कार को 32 वर्षीय आशुतोष पांडेय चला रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी और दो नाबालिग बच्चे भी मौजूद थे। हादसे में कार में सवार सभी लोगों को मामूली चोटें आईं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

और पढ़ें: दिल्ली के नरेला में मर्सिडीज की टक्कर से 70 वर्षीय महिला की मौत

राजौरी गार्डन में एसयूवी की टक्कर से युवक की मौत

दिल्ली में सड़क हादसे की एक अन्य घटना में जुलाई की शुरुआत में पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में 35 वर्षीय उदय महतो की मौत हो गई थी। बताया गया कि सड़क किनारे एक दोस्त के साथ खड़े उदय को तेज रफ्तार एसयूवी ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

उदय के परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। परिजनों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन और चालक की पहचान के लिए जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए।

चंबा में बस हादसे में सात लोगों की मौत

इससे पहले 8 अगस्त को हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चलूज मोड़ के पास यात्री बस सड़क से फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में सात लोगों की मौत और 11 लोग घायल हुए थे। घायलों को तीसा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया था। बस बैरागढ़ से चंबा की ओर जा रही थी।

और पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे हादसे में 3 की मौत, मां को खोजकर मम्मी-मम्मी रोता रहा 2 साल का मासूम

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share