×
 

दिल्ली-एनसीआर में मूसलाधार बारिश से जलभराव, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने और घरों में रहने की अपील की।

राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मंगलवार को हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। सुबह से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति पैदा हो गई।

दिल्ली के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया और कई जगह ऐसा नजारा दिखाई दिया जैसे सड़कें नदी में बदल गई हों। सदर बाजार, मंडी हाउस, रिंग रोड, दरियागंज, बाराखंबा, जनपथ, आईटीओ, लक्ष्मी नगर, मिंटो रोड और कनॉट प्लेस जैसे प्रमुख इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। पानी भरने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई मार्गों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

लगातार बारिश को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक राजधानी में बादल छाए रहने, भारी बारिश, आंधी और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बताया गया है।

और पढ़ें: मेघालय में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा, खरीद पर ₹25,000 प्रोत्साहन और मुफ्त पंजीकरण की घोषणा

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के घरों से बाहर निकलने से बचें और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें।

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। यहां भी कई सड़कों पर पानी भर गया और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों के लिए भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

नोएडा में मंगलवार दोपहर जमकर बारिश हुई। बारिश के कारण जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलभराव और ट्रैफिक जाम ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया। प्रशासन की ओर से जल निकासी और यातायात व्यवस्था को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

और पढ़ें: 1 अगस्त से स्पीड पोस्ट की नई दरें लागू, इंडिया पोस्ट ने दस्तावेज और पार्सल की नई श्रेणियां स्पष्ट कीं

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share