×
 

दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन आघात, 151 अपराधी गिरफ्तार; हथियार, नशा और चोरी के वाहन बरामद

दिल्ली पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ ऑपरेशन आघात चलाकर 151 अपराधियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में हथियार, कारतूस, चाकू, चोरी के वाहन, नशीले पदार्थ और अवैध शराब बरामद हुई।

स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

राजधानी दिल्ली में स्ट्रीट क्राइम पर रोक लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन आघात’ के तहत व्यापक अभियान चलाया है। नए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क पर होने वाली झपटमारी, लूट, वाहन चोरी, अवैध हथियारों की तस्करी, नशे के कारोबार और सट्टेबाजी जैसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाना है।

पूर्वी दिल्ली जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार रावल के अनुसार, 17 से 20 अगस्त 2026 के बीच चार दिनों तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 85 नई प्राथमिकी दर्ज कीं और कुल 151 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

और पढ़ें: दिल्ली के मुकुंदपुर में पुलिसकर्मियों पर हमला, मिर्च पाउडर और ईंट-पत्थरों से वार; तीन घायल

चोरी के 27 वाहन बरामद

पूर्वी जिला पुलिस ने वाहन चोरों और झपटमारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन चोरी के 16 मामलों का खुलासा किया। इन मामलों में नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की 27 बाइक और स्कूटी बरामद की गईं।

इसके अलावा लूट के नौ और झपटमारी के नौ मामलों में आठ आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने नौ घोषित अपराधियों, एक पैरोल जंपर और दो ओवरस्टे जंपर्स को भी गिरफ्तार किया।

हथियार और नशीले पदार्थ जब्त

अवैध हथियारों से जुड़े 29 मामलों में 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से दो पिस्तौल, चार देसी कट्टे, 11 कारतूस और 21 चाकू बरामद हुए।

जुए और सट्टेबाजी के खिलाफ 32 प्राथमिकी दर्ज कर 63 आरोपियों को पकड़ा गया। इनके पास से 23,131 रुपये नकद बरामद किए गए।

नशा तस्करी के चार मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.199 किलोग्राम चरस और 532 ग्राम गांजा जब्त किया गया। वहीं, अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ 20 मामले दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान आगे भी जारी रहेगा।

और पढ़ें: पैलेट गन से घायल युवक की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, राहुल गांधी का थाने के बाहर धरना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share