×
 

दिल्ली में भारी बारिश का रेड अलर्ट, यूपी, एमपी समेत कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट; 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने दिल्ली के सभी जिलों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का रेड अलर्ट जारी किया है। यूपी, मध्य प्रदेश समेत राज्यों में ऑरेंज अलर्ट है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले कुछ घंटों के दौरान खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। 25 अगस्त को सुबह 7:13 बजे जारी जिला-स्तरीय चेतावनी के मुताबिक दिल्ली के सभी 11 जिलों में रेड अलर्ट है। यह चेतावनी सुबह 10:13 बजे तक प्रभावी बताई गई है।

आईएमडी के अनुसार दिल्ली में गरज-चमक के साथ आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश की तीव्रता 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक रहने का अनुमान है।

दिल्ली के सभी जिलों में रेड अलर्ट

दिल्ली के मध्य, पूर्वी, नई दिल्ली, उत्तरी, उत्तर-पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी, शाहदरा, दक्षिणी, दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और पश्चिमी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

और पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह बारिश, मंगलवार तक जारी रह सकती हैं हल्की बौछारें

कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बागपत, बलिया, बांदा, बस्ती, चंदौली, चित्रकूट, देवरिया, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हमीरपुर, जौनपुर, झांसी, कुशीनगर, महोबा, मऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, संत कबीर नगर, शामली, सुल्तानपुर और वाराणसी में ऑरेंज अलर्ट है।

केरल के कन्नूर, कासरगोड, कोझिकोड, लक्षद्वीप, मलप्पुरम, त्रिशूर और वायनाड में भी चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश के छतरपुर, दतिया, ग्वालियर, निवाड़ी, पन्ना, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ में ऑरेंज अलर्ट है।

हरियाणा के पानीपत और सोनीपत तथा उत्तराखंड के बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़ और टिहरी गढ़वाल में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।

इन इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और मध्यम बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों को पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण लेने से बचने की सलाह दी है। लोगों से अनावश्यक यात्रा न करने और सड़क एवं यातायात की स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया है।

सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में हुई भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हुआ था। इससे यातायात प्रभावित हुआ और राजधानी में उड़ान सेवाओं पर भी असर पड़ा था।

और पढ़ें: ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share