दिल्ली के सरिता विहार में दर्दनाक हादसा, डंपर ने क्रेन और ऑटो को मारी टक्कर, तीन की मौत
दिल्ली के सरिता विहार में डंपर ने सड़क किनारे खड़ी क्रेन और ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत और तीन मजदूर घायल हुए।
दक्षिण दिल्ली के सरिता विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसा सुबह 3:20 बजे सरिता विहार थाना क्षेत्र में हुआ।
पुलिस के अनुसार, सड़क किनारे खड़ी क्रेन और ऑटो-रिक्शा में एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान उमेश (23) और प्रवीण (35), दोनों संगम विहार निवासी, तथा एचआर मैनेजर सूरज (34) के रूप में हुई है।
हादसे में घायल तीन मजदूरों की पहचान आकाश (20), अनूप (26) और खेम सिंह (40) के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, एक अन्य मजदूर सुधीर इस हादसे में सुरक्षित बच गया।
और पढ़ें: तेलंगाना में कार डिवाइडर से टकराकर धधकी, न्यूरोसर्जन की जलकर मौत
दिल्ली पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।
दिल्ली-एनसीआर में हिट एंड रन के अन्य मामले
ग्रेटर नोएडा में 5 सितंबर की सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे युवक को टक्कर मार दी थी। सीसीटीवी फुटेज में कार को लापरवाही से वाहन चलाते हुए देखा गया। हादसे में युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ और उसका इलाज चल रहा है। बिसरख पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
गुरुग्राम में गोल्फ कोर्स रोड पर एक कार ने बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया को कथित तौर पर टक्कर मार दी थी। घटना के वीडियो में कार को बाइक का पीछा करते और फिर उसके रास्ते में आते देखा गया।
गुरुग्राम पुलिस ने मामले में कार चालक कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में मामले में हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई।
और पढ़ें: आगर मालवा में उफनते नाले में बही कार, 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 8 लोगों की मौत