×
 

दिल्ली के स्कूल में 3 साल के बच्चे से हैवानियत, पिता का दावा- फटने की कगार पर थे दोनों कानों के पर्दे; आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के मौजपुर स्थित स्कूल में तीन वर्षीय बच्चे से कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस ने स्कूल अटेंडेंट को गिरफ्तार किया, सरकार ने कार्रवाई शुरू की।

दिल्ली के मौजपुर स्थित एक स्कूल में तीन साल के बच्चे के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने स्कूल के अटेंडेंट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर जिलाधिकारी ने स्कूल परिसर को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बीकन पब्लिक स्कूल, मौजपुर एक गैर-मान्यता प्राप्त संस्थान है। जांच में नियमों का उल्लंघन या किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर शिक्षा के अधिकार कानून और अन्य संबंधित कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें: न्यूजीलैंड में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर प्रतिबंध की तैयारी

मामला तब सामने आया जब बच्चे ने घर लौटने के बाद कान में दर्द की शिकायत की। पिता नवनीत चौधरी के अनुसार, 18 अगस्त को स्कूल से लौटने के बाद बच्चे को उल्टी और चक्कर आने लगे। डॉक्टर की जांच में उसकी आंखों में सूजन पाई गई और ईएनटी विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी गई।

पिता ने बताया कि ईएनटी डॉक्टर ने दोनों कानों के पर्दों में गंभीर सूजन और क्षति पाई तथा कहा कि वे फटने की कगार पर थे। परिवार ने स्कूल प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन पिता के अनुसार प्रधानाचार्य ने आरोपों से इनकार किया।

परिवार का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को बांधकर रखने, लगातार पीटने, लात मारने और कान खींचने जैसी कथित घटनाएं दिखाई दीं। शिकायत में यौन उत्पीड़न का आरोप भी लगाया गया है। परिवार के मुताबिक बच्चा घटना के बाद गहरे सदमे में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें: चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए क्लोरफेनिरामाइन-फिनाइलएफ्रिन दवा संयोजनों पर रोक

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share