ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की रिहर्सल आज, दिल्ली में 35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मोटरकेड रिहर्सल के चलते दिल्ली में आज कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन रहेगा। पुलिस ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स मोटरकेड की रिहर्सल को लेकर यातायात परामर्श जारी किया है। यह रिहर्सल बुधवार, 2 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके चलते राजधानी की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रिहर्सल के दौरान 22 स्थानों पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा और 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा पहले से योजना बनाएं और गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
यात्रियों को विशेष रूप से सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। दिल्ली मेट्रो को प्राथमिकता देने और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने को कहा गया है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है। आपातकालीन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।
और पढ़ें: रक्षाबंधन पर दिल्ली की सड़कों पर लगा भीषण जाम, दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख मार्ग प्रभावित
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आयोजन नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को प्रस्तावित है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के सम्मेलन में शामिल होने की संभावना है। इससे पहले ब्रिक्स देशों के नेताओं की बैठक पिछले साल जुलाई में ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में हुई थी।
ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के अलावा मिस्र, इथियोपिया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे नए सदस्य भी शामिल हैं। समूह वैश्विक अर्थव्यवस्था, व्यापार और वित्तीय संस्थानों में सुधार के साथ उभरती अर्थव्यवस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने पर जोर देता है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की बैठक में वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच बेहतर तालमेल और व्यावहारिक सहयोग की जरूरत बताई। उन्होंने भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार बाधाओं और पश्चिम एशिया संकट के बीच संवाद और कूटनीति को महत्वपूर्ण बताया।
और पढ़ें: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान अगले महीने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आएंगे: रिपोर्ट